जून की शुरुआत में महंगाई का झटका, कॉमर्शियल LPG सिलेंडर 53.50 रुपए तक महंगा, कई नियम भी बदले
- Shiv Kumar
- 01 Jun, 2026
जून महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए कई अहम बदलावों के साथ हुई है। 1 जून से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि पेट्रोल, डीजल और हवाई जहाज के ईंधन पर नई एक्सपोर्ट ड्यूटी भी लागू हो गई है। इसके अलावा बैंकिंग और सोलर सेक्टर से जुड़े नियमों में भी बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों का असर सीधे उपभोक्ताओं और कारोबार पर पड़ सकता है।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा
तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 से 53.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। दिल्ली में सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह 3255.50 रुपये, मुंबई में 3067.50 रुपये और चेन्नई में 3283 रुपये का हो गया है। वहीं 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी 11 रुपये बढ़कर 821.50 रुपये पहुंच गई है। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग सेवाओं की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर ग्राहकों पर भी पड़ सकता है।
ईंधन निर्यात पर बदली ड्यूटी, बैंकिंग नियम भी लागू
केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एटीएफ (हवाई जहाज ईंधन) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी की नई दरें लागू कर दी हैं। पेट्रोल पर 1.5 रुपये प्रति लीटर, डीजल पर 13.5 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 9.5 रुपये प्रति लीटर की ड्यूटी तय की गई है। इससे रिफाइनरी कंपनियों को राहत मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक ने छोटे यूपीआई लेनदेन पर एसएमएस अलर्ट की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब 100 रुपये से अधिक भेजने और 500 रुपये से अधिक प्राप्त होने पर ही एसएमएस मिलेगा। इसके अलावा सब्सिडी वाले रूफटॉप सोलर प्रोजेक्ट्स में अब केवल सरकार से मान्यता प्राप्त कंपनियों के सोलर पैनलों का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता वाले सोलर सिस्टम मिलने की उम्मीद है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






