पटना में खान सर की कोचिंग पर ईंट-पत्थर से हमला, पोस्टर फाड़े, गार्ड से की मारपीट, 3 गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 03 Jun, 2026
राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक Khan Sir की कोचिंग संस्था ग्लोबल स्टडीज पर मंगलवार रात हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग कोचिंग के सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करते और पोस्टर फाड़ते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कोचिंग सेंटर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पोस्टर विवाद के बाद बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार खान सर की कोचिंग के पास स्थित ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर एक पोस्टर लगाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार पुलिस में चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान समारोह से जुड़ा पोस्टर विवाद की वजह बना। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और बाद में कुछ लोगों ने कोचिंग परिसर के बाहर पहुंचकर हंगामा कर दिया। वायरल वीडियो में हमलावर पोस्टर फाड़ते और ईंट-पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गार्ड घायल, छात्रों ने किया प्रदर्शन
हमले में कोचिंग के एक सुरक्षा गार्ड को गंभीर चोटें आई हैं। खान सर के अनुसार गार्ड के सिर पर हमला किया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। खान सर ने छात्रों से शांति बनाए रखने और सड़क खाली करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता घायल गार्ड का इलाज और छात्रों की सुरक्षा है।
फायरिंग की चर्चा पर पुलिस का इनकार
घटना के बाद शुरुआती बयान में खान सर ने गोली चलने की आशंका जताई थी, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण माहौल के कारण उन्हें स्थिति स्पष्ट नहीं समझ आई थी। पुलिस ने भी फायरिंग की किसी घटना से इनकार किया है। अधिकारियों के मुताबिक दर्ज एफआईआर में भी गोलीबारी का कोई उल्लेख नहीं है। पटना पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अब तक फायरिंग से जुड़े कोई सबूत नहीं मिले हैं।
पुलिस कर रही जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






