पटना में खान सर की बढ़ीं मुश्किलें, फायरिंग मामले में हत्या की कोशिश का केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई तेज

top-news
पटना में कोचिंग सेंटर फायरिंग मामले में खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। फायरिंग वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है, जबकि खान सर ने आत्मरक्षा में कार्रवाई होने का दावा किया है।

पटना के चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनकी कोचिंग में हुई फायरिंग के मामले में कदमकुआं थाने में उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। हालांकि, खान सर का कहना है कि उन्हें दर्ज एफआईआर की जानकारी नहीं है और वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। मामला 2 जून की रात का है, जब पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ था। आरोप है कि कुछ लोगों ने कोचिंग परिसर में घुसकर गार्ड के साथ मारपीट की, पत्थरबाजी की और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। घटना के दौरान फायरिंग भी हुई, जिसका वीडियो बाद में सामने आया। पुलिस पहले ही फायरिंग करने वाले दोनों सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब दर्ज एफआईआर में खान सर को भी नामजद किया गया है।


सेल्फ डिफेंस का दावा, पुलिस जांच में जुटी

खान सर का कहना है कि फायरिंग आत्मरक्षा में की गई थी। उनके मुताबिक, जब कोचिंग परिसर में हंगामा और मारपीट हो रही थी, तब सुरक्षाकर्मियों ने हालात को नियंत्रित करने के लिए फायरिंग की। उन्होंने कहा कि पुलिस को मौके तक पहुंचने में समय लगता है, ऐसे में सुरक्षा गार्डों की जिम्मेदारी लोगों की सुरक्षा करना होती है। दूसरी तरफ पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों की जांच करा रही है। सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ के दौरान यह दावा सामने आया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर फायरिंग की थी। इसी आधार पर पुलिस ने खान सर से भी पूछताछ की और अब आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। मामले की जांच कई स्तरों पर जारी है।


कोचिंग विवाद ने पकड़ा राजनीतिक और छात्र आंदोलन का रूप

घटना के बाद पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद और गहरा गया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में हजारों छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने करगिल चौक पर कैंडल मार्च निकालकर उनकी रिहाई की मांग की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इधर, खान सर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह छात्रों को घटना की जानकारी देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्होंने कहा कि यदि उनकी कोचिंग बंद होती है तो छात्रों की पढ़ाई महंगी हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उनका उद्देश्य कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराना है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर पटना में चर्चा तेज है और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *