पेपर लीक के खिलाफ लखनऊ में बड़े आंदोलन की तैयारी, सीजेपी चीफ अभिजीत दीपिके पहुंचे राजधानी, टीम इंडिया की टीशर्ट में आए नजर

top-news
पेपर लीक के विरोध में प्रस्तावित युवा आक्रोश प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके लखनऊ पहुंचे। प्रदर्शन की अनुमति न मिलने पर उन्होंने पुलिस से बातचीत की बात कही, जबकि आयोजकों ने हर हाल में प्रदर्शन करने का ऐलान किया।

लखनऊ। पेपर लीक के खिलाफ प्रस्तावित युवा आक्रोश प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके गुरुवार तड़के लखनऊ पहुंच गए। उनकी फ्लाइट रात करीब 2:20 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर उतरी। एयरपोर्ट पर वह टीम इंडिया की टी-शर्ट पहने नजर आए। उनके साथ कुछ समर्थक भी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर पहले से पुलिस और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी तैनात थे, जिन्होंने उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। लखनऊ पहुंचने के बाद अभिजीत सीधे एयरपोर्ट से रवाना हो गए, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वह शहर में कहां ठहरेंगे। उनका कहना है कि वह इको गार्डन में आयोजित होने वाले युवा आक्रोश प्रदर्शन में हिस्सा लेने आए हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं।

प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर पुलिस से करेंगे बात

अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलती है तो वह स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत देने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पुणे में भी उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखी थीं और लखनऊ में भी वही तरीका अपनाया जाएगा। उनका कहना है कि छात्रों की आवाज उठाना और अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका संगठन किसी तरह की अव्यवस्था फैलाने में विश्वास नहीं रखता और पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेगा। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग भी दोहराई।

पुलिस ने अनुमति से किया इनकार, संगठन बोला- हर हाल में होगा प्रदर्शन

दूसरी ओर, लखनऊ पुलिस ने इको गार्डन में प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि प्रदर्शन किसी भी स्थिति में रद्द नहीं किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने वीडियो संदेश जारी कर कार्यकर्ताओं और छात्रों से निर्धारित कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। उनका कहना है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और किसी भी प्रकार के दमन या टकराव से बचते हुए अपनी बात रखी जाएगी। इससे पहले पुणे में हुए प्रदर्शन में भी बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई थी। अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री के साथ वायरल हुई अपनी तस्वीर को भी कृत्रिम तकनीक से तैयार बताया और कहा कि उसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *