वाहन चालकों के लिए राहत, नायरा ने घटाए पेट्रोल-डीजल के दाम, कच्चे तेल में गिरावट का मिला फायदा, जानिए नए रेट
- Shiv Kumar
- 01 Jul, 2026
देश की प्रमुख निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती करते हुए उपभोक्ताओं को राहत दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर घटा दिए हैं। नई कीमतें 1 जुलाई से लागू हो गई हैं। इस बदलाव के बाद भोपाल में नायरा के पेट्रोल की कीमत 119.79 रुपए प्रति लीटर और डीजल 102.57 रुपए प्रति लीटर हो गई है। कंपनी के मुताबिक अलग-अलग राज्यों में टैक्स व्यवस्था अलग होने के कारण स्थानीय स्तर पर कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है।
कच्चे तेल में गिरावट के बाद लिया गया फैसला
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी का असर अब घरेलू बाजार में भी दिखाई देने लगा है। हाल के दिनों में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 73 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। कुछ समय पहले अमेरिका-ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चला गया था, लेकिन हालात सामान्य होने के बाद कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इसी के आधार पर नायरा एनर्जी ने ईंधन की कीमतें कम करने का फैसला लिया है।
देशभर के हजारों पेट्रोल पंपों पर लागू हुई नई दरें
नायरा एनर्जी का देशभर में 7 हजार से अधिक पेट्रोल पंपों का नेटवर्क है, जहां संशोधित कीमतें लागू कर दी गई हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि राज्यों में लगने वाले वैट और अन्य स्थानीय करों की वजह से अलग-अलग शहरों में खुदरा कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है। इसलिए ग्राहकों को अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर लागू दरों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
सरकारी तेल कंपनियों ने अभी नहीं बदले दाम
नायरा एनर्जी के इस फैसले के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इससे पहले मई महीने में इन कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की महंगाई का हवाला देते हुए चरणबद्ध तरीके से पेट्रोल और डीजल के दाम कुल 7.50-7.50 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए थे। देश के अधिकांश पेट्रोल पंप सरकारी कंपनियों के पास हैं, ऐसे में अब उपभोक्ताओं की नजर इस बात पर है कि क्या सरकारी कंपनियां भी जल्द ईंधन की कीमतों में राहत देंगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






