ट्रेन टिकट बुकिंग होगी पहले से आसान, IRCTC की नई वेबसाइट में दिखेंगी सभी क्लास की सीटें, यात्रियों को मिलेंगे कई नए विकल्प
- Shiv Kumar
- 16 Jul, 2026
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। इस नए अपग्रेड का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से ज्यादा तेज, आसान और यूजर फ्रेंडली बनाना है। IRCTC की नई वेबसाइट 15 जुलाई 2026 की रात 9 बजे से लाइव कर दी गई है। फिलहाल इसे बीटा वर्जन के तौर पर जारी किया गया है, ताकि यात्री इसका इस्तेमाल कर अपनी प्रतिक्रिया दे सकें। रेलवे इन्हीं सुझावों के आधार पर वेबसाइट में आगे जरूरी बदलाव करेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले महीने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दौरे के दौरान छात्रों से बातचीत में बताया था कि IRCTC की नई वेबसाइट को 15 जुलाई तक लॉन्च करने की तैयारी है। रेलवे का कहना है कि लाखों यात्रियों द्वारा रोजाना इस्तेमाल किए जाने वाले इस प्लेटफॉर्म को आधुनिक तकनीक के साथ अपडेट करना जरूरी हो गया था।
नई IRCTC वेबसाइट में किए गए चार बड़े बदलाव
नई वेबसाइट में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई तकनीकी सुधार किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव स्मार्ट कैप्चा सिस्टम का है। अब लॉगिन और टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को बार-बार परेशान करने वाले कैप्चा से राहत मिलेगी। इसके अलावा वेबसाइट पर अनावश्यक पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले डिजाइन एलिमेंट्स को भी कम किया गया है। रेलवे ने सीट उपलब्धता देखने के तरीके को भी आसान बनाया है। अब यात्रियों को स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी जैसी अलग-अलग श्रेणियों के लिए बार-बार सर्च करने की जरूरत नहीं होगी। सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसके अलावा फास्टर चेकआउट फीचर जोड़ा गया है, जिससे टिकट बुकिंग के दौरान पूरे होने वाले स्टेप्स कम हो जाएंगे। इससे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले से तेज हो जाएगी। बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आसान रिपीट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की गई है, जिसमें यात्री की जानकारी पहले से सेव रहेगी।
बीटा वर्जन से रेलवे लेगा यात्रियों का फीडबैक
IRCTC की नई वेबसाइट को फिलहाल बीटा वर्जन में लॉन्च किया गया है। इसका मतलब है कि रेलवे आम यात्रियों से इस नए प्लेटफॉर्म को लेकर सुझाव और अनुभव जुटाएगा। यात्री वेबसाइट का इस्तेमाल कर यह बता सकेंगे कि उन्हें नया इंटरफेस कितना आसान लगा और कहां सुधार की जरूरत है। रेलवे का उद्देश्य फीडबैक के आधार पर वेबसाइट को और बेहतर बनाना है। यात्री नई वेबसाइट पर लॉगिन करके टिकट बुकिंग प्रक्रिया को आजमा सकते हैं और होमपेज पर दिए गए फीडबैक विकल्प के जरिए अपनी राय साझा कर सकते हैं। अगर सीट देखने, भुगतान या किसी अन्य प्रक्रिया में समस्या आती है तो यात्री स्क्रीनशॉट के साथ जानकारी भेज सकते हैं।
IRCTC को अपग्रेड करने की क्यों पड़ी जरूरत
IRCTC वेबसाइट देश के सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म में शामिल है। साल 2002 में शुरू हुई इस वेबसाइट पर वर्तमान में रोजाना औसतन 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं। इतने बड़े यूजर बेस को बेहतर सेवा देने के लिए रेलवे ने वेबसाइट के साथ-साथ बैकएंड सिस्टम को भी अपग्रेड करने का फैसला लिया है। रेलवे सिर्फ वेबसाइट का डिजाइन नहीं बदल रहा है, बल्कि पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। इस प्रक्रिया की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि टिकट बुकिंग सेवा को बंद किए बिना पूरे सिस्टम को अपग्रेड करना है। रेलवे के अनुसार, आने वाले कुछ हफ्तों में फीडबैक और बैकएंड सिस्टम का काम पूरा होने के बाद IRCTC का नया पोर्टल पूरी तरह से यात्रियों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। तब तक यात्री नई बीटा वेबसाइट के साथ पुराने पोर्टल से भी सामान्य टिकट बुकिंग कर सकेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






