जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प, बैरिकेडिंग तोड़ने पर लाठीचार्ज, संसद मार्च को लेकर बढ़ा तनाव
- Shiv Kumar
- 20 Jul, 2026
राजधानी दिल्ली में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च के दौरान जंतर-मंतर पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। संसद की ओर मार्च निकालने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई और हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। मौके पर बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात रहे। पुलिस का कहना है कि मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई थी, जबकि CJP का दावा है कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण है।
बैरिकेडिंग के बीच रुका मार्च, CJP बोली- पीछे नहीं हटेंगे
CJP का 'चलो संसद' मार्च सोमवार सुबह 9 बजे शुरू होना था, लेकिन जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रदर्शनकारी आगे नहीं बढ़ सके। पुलिस ने संसद मार्ग की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी थी। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि उनका आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है तथा उन्हें संसद तक जाने से रोका नहीं जाना चाहिए। वहीं संगठन के प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया कि प्रशासन बातचीत की पहल कर रहा है और संगठन हर स्तर पर संवाद के लिए तैयार है।
वांगचुक की तीन शर्तें, पत्नी ने फिर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया
उधर, 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने के लिए तीन शर्तें रखी हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक मामले में सरकार से जवाबदेही तय करने, CJP प्रतिनिधिमंडल को संसद जाने की अनुमति देने और सांसदों से उनकी मांगों पर चर्चा का भरोसा देने की मांग की है। स्वास्थ्य कारणों से संसद जाना संभव न होने की स्थिति में उन्होंने सांसदों से सफदरजंग अस्पताल आकर आश्वासन देने की बात कही है। दूसरी ओर, वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे आंगमो ने एक बार फिर दिल्ली हाईकोर्ट में अपील दायर कर इलाज से जुड़े फैसलों में परिवार की सहमति और अधिकार का मुद्दा उठाया है। इस बीच AISA के तीन छात्र नेताओं ने अपना अनशन समाप्त कर दिया, जबकि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






