योगी कैबिनेट की बड़ी सौगात, छात्राओं को स्कूटी और दो नए एक्सप्रेसवे समेत 16 प्रस्तावों को मंजूरी, 3 से 6 अगस्त तक चलेगा मानसून सत्र

top-news
योगी सरकार की कैबिनेट बैठक में 16 प्रस्तावों को मंजूरी मिली। प्रयागराज-सोनभद्र एक्सप्रेसवे, विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और नए छात्रावास को स्वीकृति मिली। साथ ही यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक बुलाने का फैसला किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में 16 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में प्रदेश की सड़क संपर्क व्यवस्था, उच्च शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और प्रशासनिक सुधार से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए। सबसे अहम फैसला प्रयागराज से सोनभद्र तक नए एक्सप्रेसवे और विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी देना रहा। इसके अलावा रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को भी हरी झंडी मिली, जिसके तहत प्रदेश की करीब 50 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। कैबिनेट ने विधानमंडल का मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक आयोजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।


प्रयागराज से सोनभद्र तक बनेगा नया एक्सप्रेसवे

कैबिनेट के फैसले के अनुसार प्रयागराज से सोनभद्र तक करीब 330 किलोमीटर लंबा नया एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। इसके साथ ही 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे का भी निर्माण होगा, जो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़कर विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली लिंक परियोजना के ईपीसी मोड में निर्माण के लिए विकासकर्ता चयन को भी मंजूरी दी गई। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में निवेश, उद्योग और आवागमन को नई गति मिलेगी।


टॉप छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, शोध पीठ भी बनेगी

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक कॉलेज की टॉप-5 छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। इस योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है और लगभग 50 हजार छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शोध पीठ स्थापित की जाएगी। विश्वविद्यालयों को अधिकतम दो करोड़ और महाविद्यालयों को एक करोड़ रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा वाराणसी स्थित बसंत महिला विश्वविद्यालय में 112 छात्राओं की क्षमता वाले नए छात्रावास के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।


3 अगस्त से शुरू होगा विधानमंडल का मानसून सत्र

कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक बुलाने का भी फैसला लिया गया। इस दौरान सरकार कई विधेयक और अन्य विधायी कार्य सदन में पेश करेगी। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि यह सत्र काफी हंगामेदार रह सकता है, क्योंकि विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण समेत कई अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *