CJP प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, दंगा-हिंसा और सरकारी काम में बाधा समेत कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज

top-news
जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग थाने में भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और पीडीपीपी एक्ट की कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान हुए बवाल के बाद दिल्ली पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर से संसद मार्ग तक कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, पथराव, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद मंगलवार को भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के जुटने की संभावना को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग थाने में मामला दर्ज कर हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित कई गंभीर आरोपों के तहत जांच शुरू कर दी है।


इन धाराओं में दर्ज हुई FIR

दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट, 1959 और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संरक्षण अधिनियम (PDPP Act) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने, सरकारी आदेश की अवहेलना, गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, हिंसा, सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने, मानव जीवन को खतरे में डालने, आपराधिक साजिश और साझा मंशा के तहत अपराध करने जैसे आरोप शामिल किए गए हैं। इसके अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1AB) और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित पीडीपीपी एक्ट की धारा 3 भी लगाई गई है।


पुलिस ने तेज की जांच, वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे

दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, बॉडी कैम और मोबाइल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हिंसा, सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों पर हमला और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है। जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, राजधानी में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *