बंगाल में पूर्व बस ड्राइवर के घर छापा, 28 करोड़ नकद और 15 किलो सोना मिला, नोट गिनते-गिनते 5 मशीनें खराब, आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 30 Jul, 2026
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक छापेमारी के दौरान करीब 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद किया है। बरामद सोने की कीमत लगभग 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल बरामदगी करीब 50 करोड़ रुपये की बताई जा रही है। नकदी इतनी अधिक थी कि उसे गिनने के दौरान पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। पुलिस ने मामले में मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
बस ड्राइवर से कारोबारी बना आरोपी, फरार कारोबारी का मैनेजर निकला
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था। बाद में वह पत्थर कारोबार से जुड़ गया और फरार कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का मैनेजर तथा रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिनार मंडल ने दावा किया है कि बरामद नकदी और सोना तुलु मंडल का है। फिलहाल इस दावे की जांच की जा रही है।
पहले 20 करोड़ मिले, पूरी रात गिनती के बाद बढ़ी रकम
गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात पुलिस ने मिनार मंडल के ठिकाने पर छापेमारी की थी। शुरुआत में करीब 20 करोड़ रुपये नकद मिले, लेकिन पूरी रात चली गिनती के बाद यह राशि बढ़कर 28.5 करोड़ रुपये हो गई। पुलिस ने घर से 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट भी बरामद किए। जब्त नकदी को सुरक्षा के बीच थाने ले जाकर बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पत्थर खदानों से जुड़े राजस्व घोटाले की जांच
जांच एजेंसियों को आशंका है कि बरामद नकदी पत्थर खदानों से वसूले गए सरकारी राजस्व से जुड़ी हो सकती है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं सरकारी खजाने में जमा होने वाली रकम का दुरुपयोग तो नहीं किया गया। साथ ही बरामद संपत्ति के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
मामले के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। विभिन्न नेताओं ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






