यमुना प्राधिकरण की 94वीं बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले, आवासीय भूखंडों पर निर्माण की समयसीमा दिसंबर 2027 तक बढ़ाई गई
- Shiv Kumar
- 26 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त और प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिन पर विचार करने के बाद बोर्ड ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। आवासीय भूखंडों के आवंटियों को बड़ी राहत देते हुए भवन निर्माण की निःशुल्क समयसीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 कर दी गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 और मॉडल भवन विनियम-2026 को भी अंगीकृत किया गया है। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-4ए और 8ई में किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदने का निर्णय लिया गया है। बोर्ड ने आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 के प्रारूप और भू-उपयोग मानचित्र को भी मंजूरी दी है। बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति, किसानों के आबादी भूखंड, जलापूर्ति, सीवरेज, सड़क मरम्मत, सौर ऊर्जा और कचरा प्रबंधन से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
चार गुना हुई प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां
बोर्ड बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30 अक्टूबर तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1746.38 करोड़ रुपये थीं, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसी अवधि के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 7071.48 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में प्राधिकरण की प्राप्तियां करीब चार गुना हो गई हैं। चालू वित्तीय वर्ष में भूमि अधिग्रहण के लिए आठ हजार करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। इसमें से 4985.47 करोड़ रुपये भूमि खरीद और अधिग्रहण पर खर्च किए जा चुके हैं, जो निर्धारित बजट का 62.32 प्रतिशत है।
जेवर एयरपोर्ट के लिए 565 करोड़ का भुगतान
जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पर प्राधिकरण ने 565.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष में निर्माण और विकास कार्यों पर 383 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। विशेष परियोजनाओं के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को 555.38 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
आवंटियों को भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त समय
यमुना प्राधिकरण ने आवासीय भूखंडों के आवंटियों को राहत देते हुए भवन निर्माण की निःशुल्क समयसीमा एक साल बढ़ाने का फैसला किया है। अब आवंटी 31 दिसंबर 2027 तक निर्धारित निःशुल्क समयसीमा का लाभ उठा सकेंगे। इससे पहले यह समयसीमा 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित थी। प्राधिकरण के कुछ आवासीय सेक्टरों में किसानों से जुड़े वाद और न्यायालयों के स्थगन आदेश के कारण जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी है। इसके चलते सड़क, बिजली और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य अभी पूरे नहीं हुए हैं। आवंटियों की मांग और इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने लीज डीड के बाद भवन निर्माण की समयसीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
यमुना सिटी में विकसित होंगे निजी बिजनेस पार्क
बोर्ड ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को अंगीकृत कर लिया है। योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद प्राधिकरण अब बिजनेस पार्क विकसित करने के लिए उपयुक्त सेक्टरों की पहचान करेगा। इसके बाद भूखंडों का नियोजन और योजना का ब्रोशर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, औद्योगिक निवेश के लिए सेक्टर-4ए और सेक्टर-8ई में जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है। इनवेस्ट यूपी से प्राप्त भूमि सुविधा पत्रों और निवेश सारथी पोर्टल पर निवेशकों की ओर से जताई गई रुचि को देखते हुए प्राधिकरण इन सेक्टरों में किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदेगा।
सर्विस मास्टर प्लान 2041 का हुआ प्रस्तुतीकरण
यमुना प्राधिकरण के सर्विस मास्टर प्लान-2041 का बोर्ड के समक्ष प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था के लिए तैयार मास्टर प्लान को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से यमुना सिटी में भविष्य की जरूरतों के अनुसार बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की रूपरेखा तैयार की गई है। आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ती आबादी तथा विकास को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था का नियोजित विस्तार किया जाएगा।
6.65 करोड़ रुपये से होगी सड़क की मरम्मत
यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे जिकरपुर गांव से टप्पल कट तक बनी क्षतिग्रस्त हॉलेज रोड की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया है। इस सड़क का निर्माण पूर्व में एक्सप्रेसवे की कंसेशनायर कंपनी ने कराया था। यह जिकरपुर गांव तक पहुंचने का एकमात्र मार्ग है, जो गांव को सीधे अलीगढ़-पलवल राजमार्ग से जोड़ता है। सड़क की मरम्मत पर 665.64 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़क की मरम्मत होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कचरा प्रबंधन के लिए नई नियमावली मंजूर
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के कचरे के प्रबंधन के लिए तैयार नियमावली-2026 की मसौदा अधिसूचना को बोर्ड ने मंजूरी दी है। इसमें राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशों के साथ नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के विमान सुरक्षा संबंधी नियमों के अनुपालन पर जोर दिया गया है। नई नियमावली के माध्यम से प्राधिकरण क्षेत्र में कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित करने और विमान संचालन की सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन सुनिश्चित करने की तैयारी है।
संस्थानों में लगाए जाएंगे रूफटॉप सोलर प्लांट
पर्यावरण संरक्षण और बिजली पर होने वाले खर्च को कम करने के लिए प्राधिकरण क्षेत्र के संस्थानों में रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। सोलर प्लांट रेस्को पद्धति के तहत स्थापित किए जाएंगे। यह कार्य उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) की ओर से अनुमोदित संस्था या चयनित एजेंसी के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए निर्धारित विद्युत खरीद समझौते के अनुसार कार्य किया जाएगा।
आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना को मंजूरी
यमुना प्राधिकरण बोर्ड ने आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 के प्रारूप और भू-उपयोग मानचित्र को मंजूरी दे दी है। अब महायोजना का प्रस्ताव अंतिम अनुमोदन के लिए उत्तर प्रदेश शासन को भेजा जाएगा। इसके अलावा बोर्ड ने उत्तर प्रदेश शासन की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत मॉडल भवन विनियम-2026 को भी अंगीकृत कर लिया है।
किसानों को 3183 करोड़ का अतिरिक्त मुआवजा
बैठक में किसानों को दिए जाने वाले सात प्रतिशत आबादी भूखंडों की प्रगति का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। प्राधिकरण की ओर से अब तक 14,281 किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने के लिए प्रकाशन किया जा चुका है। इनमें से 11,229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए गए हैं, जबकि 5,147 भूखंडों का विभिन्न सेक्टरों में नियोजन किया जा चुका है। इसके अलावा किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर के तहत अब तक करीब 3183.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
कॉर्पस फंड खर्च करने के लिए बनी नियमावली
यमुना प्राधिकरण ने कॉर्पस फंड की धनराशि खर्च करने के लिए नियमावली तैयार की है। इस फंड में एकमुश्त लीज रेंट, हस्तांतरण शुल्क, पुनर्स्थापन शुल्क, समय विस्तार शुल्क, भवन मानचित्र प्रसंस्करण शुल्क, विलंब भुगतान जुर्माना, निर्माण पूर्णता शुल्क, जल एवं सीवर कनेक्शन शुल्क और संपत्ति बंधक रखने की अनुमति से संबंधित शुल्क को शामिल किया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






