नौकरी का झांसा देकर विदेशी नागरिकों से कराते थे साइबर ठगी, नोएडा में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, 164 लोग कराए गए मुक्त

top-news
नोएडा के सेक्टर-136 में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने साइबर गुलामी और मानव तस्करी से जुड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इंडोनेशिया और मलेशिया के 164 नागरिकों को मुक्त कराया गया है। एक मलेशियाई आरोपी गिरफ्तार है, जबकि दो भारतीय आरोपी फरार हैं।

दिल्ली-एनसीआर में नौकरी का झांसा देकर विदेशी नागरिकों से जबरन साइबर ठगी कराने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर-136 में संचालित इस नेटवर्क के चंगुल से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया है। इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो भारतीय आरोपियों की तलाश की जा रही है। क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त सुरेंद्र कुमार के मुताबिक, गिरोह दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के युवाओं को नौकरी और अच्छी कमाई का झांसा देकर बिजनेस वीजा पर भारत बुलाता था। यहां पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उन्हें जबरन साइबर ठगी के काम में लगा दिया जाता था। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करने और धमकाने के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप और पासपोर्ट बरामद किए हैं।


एक ईमेल से खुला अंतरराष्ट्रीय गिरोह का राज

क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एक विदेशी नागरिक ने ईमेल के माध्यम से पुलिस को अपने साथ हो रहे शोषण की जानकारी दी थी। उसने बताया कि नौकरी के नाम पर भारत बुलाने के बाद उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया गया। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने नोएडा सेक्टर-136 स्थित कॉल सेंटर पर छापेमारी कर 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में 25 वर्षीय मलेशियाई नागरिक टैन गुआन वेई को गिरफ्तार किया है।


पासपोर्ट जब्त कर कराते थे साइबर ठगी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विदेशी युवाओं को भारत में अच्छी नौकरी और आकर्षक वेतन का झांसा देकर बुलाते थे। भारत पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लेते थे और उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध साइबर ठगी करने के लिए मजबूर करते थे। नोएडा में संचालित कॉल सेंटर से इंडोनेशिया और मलेशिया के नागरिकों को निशाना बनाया जाता था। फर्जी निवेश योजनाओं के नाम पर लोगों से ठगी की जाती थी। आरोपियों ने विदेशी नागरिकों के रहने के लिए नोएडा में लाखों रुपये के मासिक किराए पर पीजी ले रखा था। उन्हें कॉल सेंटर तक लाने और वापस पीजी पहुंचाने के लिए दर्जनों कैब भी लगाई गई थीं।


355 मोबाइल और 174 पासपोर्ट बरामद

क्राइम ब्रांच ने छापेमारी के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट बरामद किए हैं। इसके अलावा सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। पुलिस बरामद उपकरणों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि ठगी के शिकार लोगों की पहचान करने के साथ गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों का पता लगाया जा सके। मुक्त कराए गए विदेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने के लिए विदेश मंत्रालय, संबंधित दूतावासों और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) की मदद ली जा रही है।


दो भारतीय आरोपियों की तलाश में पुलिस

पुलिस की जांच में सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के दो भारतीय आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इनके बैंक खातों का इस्तेमाल कॉल सेंटर और पीजी का किराया देने समेत गिरोह के संचालन से जुड़े खर्चों के लिए किया जाता था। दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। गिरफ्तार मलेशियाई नागरिक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अंतरराष्ट्रीय गिरोह के तार किन देशों से जुड़े हैं और अब तक साइबर ठगी के जरिए कितनी रकम जुटाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *