दिल्ली में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार पर पुलिस की सख्ती, छह सेंटरों पर कार्रवाई, 29 महिलाओं का रेस्क्यू
- Shiv Kumar
- 29 Nov, 2026
राजधानी दिल्ली में स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में कथित रूप से संचालित देह व्यापार के खिलाफ मध्य जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 26 नवंबर को नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग क्षेत्र में संचालित चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान 29 महिलाओं को रेस्क्यू कराया गया, जबकि 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया या हिरासत में लिया गया। इनमें स्पा सेंटरों के संचालक, मैनेजर, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहक शामिल हैं। इसके अलावा एक स्पा मैनेजर के खिलाफ पाबंद करने की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने चार स्पा सेंटरों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (आईटीपी एक्ट) के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। वहीं, पटेल नगर में कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने के मामले में दो अन्य स्पा सेंटरों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने नकदी, ग्राहकों से संबंधित रजिस्टर और लाइसेंस समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं।
करोल बाग में 20 महिलाओं को छुड़ाया
दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। इसके बाद नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटरों में भेजा गया और सूचना की पुष्टि होने के बाद छापेमारी की गई। नबी करीम और पहाड़गंज क्षेत्र में संचालित दो स्पा सेंटरों से नौ महिलाओं को छुड़ाया गया। वहीं, करोल बाग के दो स्पा सेंटरों से 20 महिलाओं को रेस्क्यू कराया गया। कार्रवाई के दौरान संचालकों, कर्मचारियों और ग्राहकों को भी पकड़ा गया।
पटेल नगर में भी दो मुकदमे दर्ज
पटेल नगर थाना पुलिस ने भी दो स्पा सेंटरों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की है। जांच के दौरान सामने आया कि दोनों सेंटरों में काम करने वाले कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223(ए) के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं, देह व्यापार के आरोपों से जुड़े चार मामलों में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस संबंधित स्पा सेंटरों के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
बरामद दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों से नकदी, ग्राहक रजिस्टर, रसीद बुक, कंडोम और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। पुलिस पकड़े गए लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इसके साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि कथित देह व्यापार के संचालन में अन्य लोगों की भी भूमिका थी या नहीं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






