Breaking News

नोएडा के गुलावली गांव में अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की कार्रवाई, एक हजार वर्ग मीटर जमीन कराई कब्जामुक्त

top-news
नोएडा प्राधिकरण ने गुलावली गांव में रेलवे कॉरिडोर के पास अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर करीब एक हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जामुक्त कराई है। वर्क सर्किल-10 और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। प्राधिकरण ने दोबारा कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में नोएडा प्राधिकरण ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को गुलावली गांव में करीब एक हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जामुक्त कराई है। प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आने वाली खसरा संख्या 805 की जमीन पर कुछ अज्ञात लोगों ने अवैध रूप से टीन शेड और पक्का निर्माण कर लिया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद सीईओ के निर्देश पर प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 की टीम ने पुलिस के सहयोग से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाया। यह अतिक्रमण ग्राम झट्टा की ओर रेलवे कॉरिडोर के पास किया गया था। प्राधिकरण ने जमीन कब्जामुक्त कराने के साथ अवैध निर्माण करने वालों को सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


रेलवे कॉरिडोर के पास किया था कब्जा

नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, गुलावली गांव में खसरा संख्या 805 की जमीन पर कुछ अज्ञात लोगों ने कब्जा कर लिया था। रेलवे कॉरिडोर के पास ग्राम झट्टा की ओर स्थित इस जमीन पर टीन शेड डालने के साथ पक्का निर्माण किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। शुक्रवार को वर्क सर्किल-10 की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और जमीन का निरीक्षण किया। इसके बाद बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।


अवैध कब्जों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र की अर्जित अथवा अनर्जित जमीन पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण की अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी प्राधिकरण की जमीन पर अवैध निर्माण या कब्जा होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित वर्क सर्किल अथवा प्राधिकरण कार्यालय में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *