नोएडा में अवैध इंटरनेशनल टेलीफोन एक्सचेंज चलाने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जनवरी में रैकेट का हुआ था खुलासा

top-news
नोएडा में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का मास्टरमाइंड केरल से गिरफ्तार

Noida: नोएडा सेक्टर-63 में अवैध रूप से संचालित अंतरराष्ट्रीय टेलीफोन एक्सचेंज का पर्दाफाश कुछ दिन पहले पुलिस ने किया था। कतर में बैठकर एक्सचेंज चलाने वाले मास्टरमाइंड मोहम्मद अरशिद पंदिहरायिल को शनिवार को केरल के कालीकट एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से लुकआउट सर्कुलर जारी था। आरोपी को  केरल से नोएडा लेकर आई और न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया।
11 जनवरी को हुआ था भंडाफोड़
थाना सेक्टर-63 पुलिस ने 11 जनवरी को रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के सहायक इंजीनियर रमेश कुमार यादव से मिली सूचना पर छापा मारकर इस अवैध एक्सचेंज का खुलासा किया था। आरोपी इंटरनेट के माध्यम से विदेशी कॉल को स्थानीय कॉल में परिवर्तित कर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल रहे थे। इससे भारत सरकार और निजी टेलीकॉम कंपनियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा था।
दो आरोपियों की हो चुकी थी गिरफ्तारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर निवासी शिवम कुमार और गाजियाबाद निवासी देवकी नंदन को गिरफ्तार किया था। दोनों ने "मैसर्स किस्वा वेंचर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड" नाम से कंपनी बना रखी थी, जिसमें शिवम प्रबंधक और देवकी निदेशक थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे इस अवैध एक्सचेंज के माध्यम से टेलीग्राफ और दूरसंचार से छेड़छाड़ कर दुबई, सऊदी अरब, ऑस्ट्रेलिया आदि देशों के लोगों को सेवा प्रदान कर रहे थे।
मुख्य आरोपी अरशिद ने की थी पूरी योजना
शिवम कुमार ने बताया कि 2014 में उसकी मुलाकात केरल के कोडीकोट निवासी मोहम्मद अरशिद पंदिहरायिल से दिल्ली में हुई थी। सितंबर 2024 में अरशिद ने शिवम से संपर्क कर नोएडा में कंपनी स्थापित करने को कहा। इसके बाद शिवम की मुलाकात देवकीनंदन से हुई और तीनों ने मिलकर सेक्टर-63 में प्राइवेट कंपनियां स्थापित कर लीं। अरशिद ने ही इस पूरे ऑपरेशन की फंडिंग और तकनीकी सेटअप की व्यवस्था की थी।
केरल एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि सात मार्च को नोएडा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोहम्मद अरशिद दुबई से कालीकट एयरपोर्ट पर आने वाला है। पुलिस टीम तुरंत एयरपोर्ट पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर नोएडा लाया गया और सोमवार को सूरजपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड था अरशिद
गिरफ्तार शिवम और देवकीनंदन ने पुलिस को बताया कि अरशिद ही इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड था। उसने विदेश से तकनीकी उपकरण मंगवाकर सेटअप स्थापित किया और शुरुआत में पूरी रकम खर्च की। बाद में तीनों साझेदार बन गए। अंतरराष्ट्रीय कॉल डायलर के जरिए बेहद सस्ती हो जाती थीं, जिससे तीनों ने करोड़ों रुपये कमाए। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों की जांच कर रही है। कुछ खातों की जानकारी मिल चुकी है, जबकि अन्य का ब्योरा जुटाया जा रहा है। जल्द ही इस मामले में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जाएगा। अरशिद ने पुलिस को बताया कि वह खाड़ी देशों में कपड़ों का कारोबार करता है। जब उससे अवैध टेलीफोन एक्सचेंज खोलने की योजना, इसमें शामिल अन्य लोगों और प्राप्त आय के इस्तेमाल को लेकर सवाल किए गए, तो उसने गोलमोल जवाब दिए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *