समलैंगिक युवकों को नौकरी के बहाने कमरे में बुलाते और बना लेते अश्लील वीडियो, तीन आरोपी गिरफ्तार

top-news
आरोपी फैक्टरी और कंपनियों में काम करने वाले समलैंगिक युवकों से संपर्क बढ़ाते थे।

Noida: समलैंगिक युवकों का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को फेज-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल किए जाने वाला मोबाइल भी बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी संदीप सिंह और विष्णु और डिवाई निवासी राहुल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों 12वीं पास हैं। नौकरी के सिलसिले में नोएडा आए थे और गिरोह बनाकर इस प्रकार का अपराध करने लगे। वर्तमान में इलाहाबास गांव में किराये के कमरे रह रहे हैं। केस दर्ज होने के बाद तीनों आरोपी जब बुलंदशहर भागने की फिराक में थे तभी पुलिस ने बस स्टैंड के पास से धर दबोचा। 

 वीडियो वायरल की धमकी देकर वसूलते थे पैसे

आरोपी फैक्टरी और कंपनियों में काम करने वाले समलैंगिक युवकों से संपर्क बढ़ाते थे। ऐसे युवकों को अच्छी जगह नौकरी लगवाने का झांसा देते थे और साक्षात्कार देने के लिए कमरे में बुलाते थे। जैसे ही युवक कमरे पर पहुंचता था दरवाजा बंद कर उसकी अश्लील वीडियो बना लेते थे। वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवकों से पैसे की मांग करते थे।

डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शनिवार को एक व्यक्ति ने थाने पर सूचना दी कि तीन लोगों ने उसे मिलने बुलाया और कमरे में बंद कर अश्लील हरकत की और वीडियो बना ली। वीडियो डिलीट करने के एवज में पैसे की मांग की जा रही है। जब पैसे देने से इनकार किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। बदनामी के डर से आरोपी ने पहली बार में 2500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए थे। इसके बाद 1500 रुपये दिए थे। आरोपियों के पैसे मांगने का सिलसिला जारी था। फेज-2 थाना प्रभारी की अगुवाई में आरोपियों को दबोचने के लिए टीम गठित की गई। और आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस के लिए ट्रांजेक्शन मददगार बना और पुलिस ने केस दर्ज होने के कुछ घंटे के भीतर ही आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर ली और इन्हें धर दबोचा। हालांकि पुलिस की नजर से बचने के लिए आरोपी वाट्सऐप और वीपीएन इंटरनेट पर ही बातचीत करते थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *