पहलगाम में आतंकी हमले को लेकर सड़कों पर उतरा मुस्लिम समाज, पाकिस्तान के खिलाफ किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग की

top-news
पाकिस्तान की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी

Noida: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश और गुस्सा है। सभी समाज और धर्म के लोग पाकिस्तान और आतंकियों का विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही जगह-जगह कैंडल मार्च निकालकर आतंकियों की गोली से मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी कड़ी में
नोएडा सेक्टर-21 स्टेडियम के सामने जुटे सैकड़ों लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और "पाकिस्तान मुर्दाबाद" के नारे लगाए।

पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए
प्रदर्शन के दौरान गुस्साए लोगों ने पाकिस्तान के जनरल आसिम मुनीर अहमद का पुतला फूंका और सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन लोगों का गुस्सा पाकिस्तान की नापाक हरकतों को लेकर साफ नजर आया। प्रदर्शनकारियों में शामिल अहसान अली ने कहा कि "हम आतंक के खिलाफ हैं, इस्लाम शांति का धर्म है और आतंक का कोई धर्म नहीं। पाकिस्तान की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। जीनत अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मांग करते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि आगे इस तरह की घटनाएं न हों।

हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन कश्मीर रेजिस्टेंस ने ली
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। यह हमला हाल के वर्षों में नागरिकों पर सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। आतंकियों ने  पहलगाम का बैसरन घाटी क्षेत्र को हमले के लिए चुना, जो पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है।  बताया जा रहा है कि दो से तीन आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन "कश्मीर रेजिस्टेंस" ने हने ली है। जो क्षेत्र में बाहरी लोगों की बसावट का विरोध करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *