फेसबुक पर आकर्षक क्रेडिट कार्ड का विज्ञापन देखकर फंसे रिटायर्ड बैंक अधिकारी, जालसाजों ने 22 लाख रुपये ठगे
- Shiv Kumar
- 08 May, 2025
Noida: नोएडा में साइबर जालसाजों का जाल इतना फैल चुका है कि आए दिन कोई न कोई इसमें फंस रहा है। अब फेसबुक पर दिखाए गए एक विज्ञापन के जरिए ठगों ने निजी बैंक के रिटायर्ड सहायक महाप्रबंधक अशोक कुमार भान से 22 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई है। साइबर सेल ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफडी तोड़कर भी पैसे निकाल लिए
सेक्टर-34 स्थित नीलगिरि अपार्टमेंट के निवासी अशोक कुमार पहले देना बैंक में सहायक महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे, जिसका अब बैंक ऑफ बड़ौदा में मर्ज हो चुका है। साइबर सेल को अशोक कुमार ने बताया कि फेसबुक पर एक निजी बैंक से जुड़े क्रेडिट कार्ड का विज्ञापन देखा, जिसमें आकर्षक लाभ दिखाए गए थे। विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया। जिसमें कॉलर ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड के फायदे गिनाते हुए उनसे बैंक खाते की जानकारी ले ली। इसके बाद उनके खातों से छेड़छाड़ शुरू हो गई। 17.20 लाख रुपये उनके सेविंग अकाउंट से और 4.80 लाख रुपये ओवरड्राफ्ट खाते से निकाल लिए गए। साथ ही उनकी और उनकी पत्नी के नाम की फिक्स्ड डिपॉजिट को भी बिना अनुमति और बिना मौजूदगी के तुड़वाकर वह रकम पहले सेविंग अकाउंट में डाली गई और फिर अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी गई।
7 बैंक खाते में ट्रांसफर कराई रकम
अशोक कुमार ने बताया कि यह एफडी उन्होंने रिटायरमेंट के बाद भविष्य की सुरक्षा के लिए कराई थी। बैंक की अनुमति के बिना इस तरह की ट्रांजैक्शन करना नियमों के खिलाफ है। ठगी की गई रकम सात से ज्यादा खातों में ट्रांसफर हुई है। पुलिस अब उन खातों की जांच कर रही है। साइबर डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। आशंका है कि ये खाते फर्जी या किराये पर लिए गए हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई अनजान व्यक्ति खुद को बैंक कर्मचारी बताकर कॉल करे, तो तुरंत भरोसा न करें। संबंधित बैंक से पुष्टि करें और किसी भी हाल में अपनी बैंक से जुड़ी जानकारी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






