Noida को मिलेगा नया आइकॉनिक स्काईवॉक, 50 हजार पैदल यात्रियों को मिलेगी सुरक्षा और सुकून

top-news
नोएडा के सेक्टर-62 और 63 के व्यस्त गोलचक्कर पर अब पैदल यात्रियों को ट्रैफिक की जद्दोजहद से राहत मिलने जा रही है.

नोएडा के सेक्टर-62 और 63 के व्यस्त गोलचक्कर पर अब पैदल यात्रियों को ट्रैफिक की जद्दोजहद से राहत मिलने जा रही है. नोएडा प्राधिकरण यहां शहर का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक स्काईवॉक बनाने जा रहा है. डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और इसे औपचारिक मंजूरी भी मिल गई है. अब इसे तकनीकी स्वीकृति के लिए आईआईटी भेजा जाएगा, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

400 मीटर लंबा स्काईवॉक, लागत 40 करोड़

यह स्काईवॉक लगभग 400 मीटर लंबा होगा और इसके निर्माण पर करीब 40 करोड़ रुपए खर्च होंगे. इसका निर्माण दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़े उस इलाके में होगा जहां प्रतिदिन करीब 50 हजार पैदल यात्री गुजरते हैं. भारी ट्रैफिक वाले इस क्षेत्र में यह स्काईवॉक पैदल यात्रियों के लिए राहत और सुरक्षा दोनों का काम करेगा.

आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस होगा स्काईवॉक

प्राधिकरण के मुताबिक यह स्काईवॉक पूरी तरह स्मार्ट टेक्नोलॉजी से लैस होगा. इसमें दोनों ओर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जाएंगे ताकि बुजुर्ग, दिव्यांग और भारी सामान उठाए हुए लोग भी आसानी से इसका उपयोग कर सकें. इसका डिज़ाइन बेहद आकर्षक होगा, जिससे यह सिर्फ एक यातायात सुविधा नहीं बल्कि नोएडा की एक नई पहचान बनेगा.

पार्क को भी मिलेगा नया लुक, यात्रियों के लिए आरामगाह

स्काईवॉक के आसपास के छोटे पार्क को भी नया रूप दिया जाएगा. यहां यात्रियों के बैठने की जगह, हरियाली, रोशनी और मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि लोग सफर के बीच कुछ सुकून के पल बिता सकें.

स्मार्ट सिटी की दिशा में मजबूत कदम

जैसे ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी और निर्माण कंपनी का चयन होगा, काम शुरू कर दिया जाएगा. यह प्रोजेक्ट नोएडा को स्मार्ट सिटी के तौर पर आगे बढ़ाने वाला एक अहम कदम साबित होगा, जो न केवल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन में भी मददगार रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *