Noida में ऑटो चालकों की जीत! प्राइवेट बाइक पर चलेगा डंडा, यूनियन ने दी ये बड़ी चेतावनी

top-news
नोएडा सेक्टर-14 कंट्रोल रूम में ट्रैफिक और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भारतीय किसान यूनियन भानु और ऑटो यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

नोएडा सेक्टर-14 कंट्रोल रूम में ट्रैफिक और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भारतीय किसान यूनियन भानु और ऑटो यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। ऑटो चालकों की 8 मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन ने "एक जिला, एक परमिट" और जनपद को संभाग का दर्जा दिलाने की मांग दोहराई। ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन में देरी पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।


नोएडा के सेक्टर-14 के कंट्रोल रूम में बुधवार को ट्रैफिक और परिवहन विभाग के अधिकारियों और ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में डीसीपी ट्रैफिक लाखन सिंह यादव, एसीपी ट्रैफिक राजीव कुमार गुप्ता, एसीपी प्रवीन रंजन, एआरटीओ (प्रशासन) सियाराम वर्मा, एआरटीओ (एनफोर्समेंट) उदित नारायण पांडे, भारतीय किसान यूनियन भानु और गौतमबुद्ध नगर ऑटो यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में ऑटो चालकों की 8 प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी अधिकारियों ने इन मांगों को जायज़ बताया और समाधान का भरोसा दिया।

"एक जिला, एक परमिट" और जनपद को संभाग का दर्जा दिलाने की मांग


अधिकारियों ने बताया कि नोएडा के 5 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों- टैनिकल गार्डन, सिटी सेंटर, सेक्टर 52, ओखला बर्ड सेंचुरी और सेक्टर 62 पर जल्द ही एक संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसमें अवैध रूप से चल रही 20 हजार प्राइवेट बाइकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पूरे जिले में यह अभियान चलाया जाएगा। वहीं बैठक में यह भी तय हुआ कि ऑटो स्टैंड के लिए नोएडा प्राधिकरण को सिफारिश भेजी जाएगी और डी पार्क में सीज गाड़ियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सिपाही तैनात किए जाएंगे। अब ट्रैफिक पुलिस बिना ऑनलाइन कागजात चेक किए कोई गाड़ी सीज नहीं करेगी।


इसी के साथ ही बैठक में यूनियन की तरफ से चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर ने "एक जिला, एक परमिट" की मांग रखी और गौतमबुद्ध नगर को पूर्ण संभाग का दर्जा दिलाने की बात उठाई। इस पर एआरटीओ सियाराम वर्मा ने सकारात्मक आश्वासन दिया।


"गरीब मजदूरों और किसानों का शोषण नहीं होने देंगे"


भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि गरीब मजदूरों और किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ई-ऑटो और ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


बैठक में मौजूद रहे कार्यकर्ता


इस बैठक में ठाकुर सुधीर, उमेश पाल, शीशपाल, नरेंद्र सिंह, वीपी सिंह, गोविंद मंडल, मनोज यादव और नाहर सिंह गुर्जर जैसे प्रमुख लोग भी मौजूद थे। बैठक सकारात्मक रही और जल्द ही इन मांगों पर कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *