पुलिस को देख ड्राइवर ने कैब को बना दिया 'हवाई जहाज' बच्ची रोती रही, माता-पिता गुहार लगाते रहे लेकिन नहीं सुना
- Shiv Kumar
- 15 Aug, 2025
Noida: नोएडा में एक कैब चालक की लापरवाह हरकत ने एक परिवार की जान जोखिम में डाल दी। पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपी ड्राइवर ने कैब को इतनी तेज रफ्तार में दौड़ाया कि सवारी के तौर पर बैठा परिवार भयभीत हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कैब के अंदर मौजूद दंपति घबराया हुआ नजर आ रहा है, वहीं उनकी बच्ची की रोने की आवाज साफ सुनाई दे रही है। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस चेकिंग देख बेकाबू हुआ चालक
जानकारी के अनुसार, पीड़ित संजय मोहन, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अजनारा होम्स सोसायटी में रहते हैं। बीते दिन वे अपनी पत्नी और बच्ची के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट से दिल्ली के कनॉट प्लेस जा रहे थे। उन्होंने इसके लिए ऑनलाइन कैब बुक की थी। लेकिन पर्थला ब्रिज के पास पुलिस चेकिंग देख ड्राइवर अचानक घबरा गया और गाड़ी को तेज रफ्तार में भगाने लगा। संजय मोहन और उनकी पत्नी ने कई बार चालक से गाड़ी की स्पीड कम करने और रोकने की गुहार लगाई, लेकिन उसने उनकी एक न सुनी। इस दौरान कैब एक अन्य वाहन से टकरा गई, जिससे दंपति को हल्की चोटें आईं, जबकि बच्ची सुरक्षित रही, हालांकि वह बुरी तरह डर गई।
गाड़ी के कागजात नहीं थे पूरे
बताया जा रहा है कि कैब चालक के पास गाड़ी के सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद नहीं थे। यही वजह थी कि वह पुलिस चेकिंग से बचने के लिए लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। पीड़ित ने इस घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने ड्राइवर की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। आरोपी कैब चालक को कैब समेत हिरासत में लिया गया, गाड़ी को सीज कर दिया गया और 29,250 रुपये का चालान काटा गया। पुलिस ने ड्राइवर खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






