गर्लफ्रेंड की हत्या कर हुआ था फरार, पुलिस ने गोली मार कर ब्वायफ्रेंड को किया गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 18 Aug, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा एक बार फिर मुठभेड़ हुई है। इस बार पुलिस ने चेकिंग के दौरान हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को गोली मारने के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अपराधी के कब्जे से अवैध तमंचा और एक बाइक बरामद हुई है। शातिर आरोपी ने शक के चलते अपनी महिला मित्र की हत्या कर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने रोका तो चलाई गोली
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि देर रात थाना जारचा पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस की सूचना के आधार पर खटाना नहर की पुलिया के पास चेकिंग की जा रही थी। तभी सामने से मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा बाइक सवार को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया तो वह तेजी से चलाते हुए भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद बाइक सवार स्वयं को घिरता हुआ देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग की।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में किया लंगड़ा
एडीसीपी ने बताया कि इस पर पुलिस ने अपना बचाव करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली मार कर घायल कर दिया। घायल व्यक्ति की पहचान रिहान निवासी नयी आबादी थाना दादरी के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा .315 बोर मय 01 खोखा कारतूस, 1 जिन्दा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। एडीसीपी ने बताया कि रिहान ने शनिवार को अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर फरार हो गया था। इस संबंध में थाना जारचा पर मुकदमा दर्ज हुआ था। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालात में सुधार होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






