नोएडा के कारोबारी साइबर ठगों के शिकार, शेयर बाजार में दोगुना मुनाफा के चक्कर में गवाएं 68 लाख

top-news
एप पर उनका पोर्टफोलियो 5.99 करोड़ रुपये तक दिखाया गया।

Noida: नोएडा में साइबर ठगी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। नोएडा में रहने वाले आसानी से मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में जीवनभर की जमा पूंजी गंवा रहे हैं। अब साइबर ठगों ने सेक्टर-128 स्थित जेपी विशटाउन सोसायटी में रहने वाले कारोबारी जैयश जगदीश पटेल से 68 लाख रुपये की ठगी कर डाली। ठगों ने खुद को शेयर बाजार का जानकार बताते हुए शत-प्रतिशत मुनाफा दिलाने का दावा किया। एप पर करोड़ों रुपये का फर्जी मुनाफा दिखाकर कारोबारी को झांसा दिया गया। रकम निकालने का प्रयास करने पर ठगों ने एक करोड़ रुपये कर और सर्विस चार्ज के नाम पर मांग ली। इसके बाद कारोबारी को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।


प्रणिती जैन की महिला ने फोन कर दिया झांसा

जानकारी के अनुसार, कारोबारी जैयश पटेल शेयर बाजार में रुचि रखते हैं। 22 जुलाई को उनके पास प्रणिती जैन नाम की एक महिला का फोन आया। उसने खुद को शेयर बाजार की विशेषज्ञ बताते हुए स्टॉक यगाशवी नामक प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कराने और कई गुना मुनाफा कमवाने का दावा किया। ठग की बातों में आकर जैयश ने रजिस्ट्रेशन कराया और धीरे-धीरे निवेश शुरू कर दिया। एप पर रोजाना मुनाफे का ग्राफ दिखाया जाता और भरोसा बढ़ता गया। इसी झांसे में आकर उन्होंने 8 अगस्त तक कुल 68 लाख रुपये ठगों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। एप पर उनका पोर्टफोलियो 5.99 करोड़ रुपये तक दिखाया गया।


पैसे निकालने पर टैक्स के जाल में फंसाया

जैसे ही कारोबारी ने अपनी पूंजी निकालने की कोशिश की, ठगों ने उन्हें झटका दिया। उन्होंने 15 प्रतिशत कैपिटल गेन टैक्स और 5 प्रतिशत सर्विस चार्ज यानी एक करोड़ रुपये अतिरिक्त जमा कराने की मांग कर दी। रकम जमा करने में असमर्थता जताने पर ठगों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया।


तमिलनाडु बैंक खाते में गई बड़ी रकम

पीड़ित के मुताबिक, ठगों ने 68 लाख में से 41 लाख रुपये तमिलनाडु के वनथा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के खाते में ट्रांसफर कराए, जबकि शेष रकम अन्य बैंक खातों में भेजी गईजब जैयश ने रकम अलग-अलग खातों में भेजने का कारण पूछा तो उन्हें कर बचाने का बहाना बनाकर टाल दिया गया। साइबर क्राइम थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ठगी की रकम से जुड़े बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *