नोएडा की इस सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड ने IT इंजीनियर को लाठी-डंडो से पीटा, जानिए क्यों किया हमला?
- Shiv Kumar
- 21 Aug, 2025
Noida: नोएडा सेक्टर-77 स्थित अंतरिक्ष कैनबल सोसाइटी में मंगलवार को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब सोसाइटी में तैनात गार्ड कूद पड़े। गार्ड्स ने आईटी इंजीनियर पति की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने झगड़ा शांत कराने के बजाय लाठी-डंडों से हमला किया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार गार्डों को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी से विवाद के बीच गार्डों की दखलअंदाजी
जानकारी के मुताबिक, अंतरिक्ष कैनबल सोसाइटी निवासी आईटी इंजीनियर हर्ष का मंगलवार को अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों अपने फ्लैट से बाहर आ गए और सोसाइटी परिसर में भी कहासुनी करने लगे। इस दौरान वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी पहुंच गए। आरोप है कि गार्डों ने विवाद को शांत कराने की जगह इंजीनियर से बदसलूकी शुरू कर दी।
लाठी-डंडों से किया हमला, आई गंभीर चोटें
आईटी इंजीनियर हर्ष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गार्डों ने अचानक उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिटाई में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए। पूरी घटना सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
चार आरोपी गार्ड गिरफ्तार
सूचना पर सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सोसाइटी में तैनात चार सुरक्षा गार्ड औरेया निवासी हर्ष, अंकित कुमार, कृष्णा और फिरोजाबाद निवासी सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार गार्डों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सोसाइटी निवासियों में रोष
वहीं,घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में आक्रोश है। निवासियों का कहना है कि सुरक्षा देने के लिए नियुक्त गार्ड ही जब हिंसक हो जाएं, तो उनकी सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






