नोएडा के एक मंदिर में चोरी तो दूसरी में भगवान की मूर्ति तोड़ी, स्थानीय लोगों में आक्रोश, इलाके में तनाव

top-news
नोएडा पुलिस कर रही जांच पड़ताल

Noida: नोएडा में एक मंदिर में चोरी करने का मामला सामने आया है। थाना 113 कोतवाली क्षेत्र में सेक्टर-122 नागेश्वर मंदिर के दो दान पात्रों का ताला तोड़कर दो लाख रुपये चोरी की गई है। मंगलवार दोपहर को हुई यह घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पर्थला खंजरपुर गांव निवासी टीटू यादव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और केस दर्ज कर जांच शुरू की है।


पुजारी मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा मिला

टीटू ने बताया कि मंदिर के दानपात्रों में एक साल का चढ़ावा रखा हुआ था। जब मंगलवार की शाम को पुजारी आरती के लिए मंदिर पहुंचे तब दानपात्र का ताला टूटा था। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। थाना 113 कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जरिये चोरों की पहचान में जुटी है। वहीं, चोरी की खबर फैलते ही क्षेत्र के लोग और श्रद्धालु मंदिर पर पहुंच गए। उन्होंने चोरी की घटना पर नाराजगी जताई और मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। थाना-113 कोतवाली प्रभारी का कहना है कि चोरों की पहचान जल्द की जाएगी और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। मंदिर में सुरक्षा इंतजामों को भी पुख्ता करने की सलाह दी गई है।


नोएडा के बहलोलपुर में शिव मंदिर की मूर्तियां खंडित, इलाके में तनाव

वहीं, थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के अंतर्गत बहलोलपुर चौकी इलाके में मंगलवार सुबह उस समय तनाव फैल गया, जब शिव मंदिर की कुछ मूर्तियां खंडित अवस्था में मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश व्यक्त करने लगे। सूचना पाकर पुलिस बल भी तुरंत पहुंचा और हालात को काबू में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-63 पुलिस, बहलोलपुर चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात कर दिए गए। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *