नोएडा में आवारा कुत्तों की समस्या होगी खत्म, सखा एक पहल और युवा क्रांति सेना ने शुरू किया ये अभियान
- Shiv Kumar
- 23 Aug, 2025
Noida: आवारा कुत्तों पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए सखा एक पहल और युवा क्रांति सेना ने नोएडा में एक नई सामाजिक पहल की घोषणा की है। इस पहल के अंतर्गत नोएडा के सबसे संवेदनशील क्षेत्र, सोसाइटीज एवं आरडब्ल्यूए जहां अक्सर डॉग बाइट्स की घटनाएं सामने आती हैं और माहौल बिगड़ता है। वहां पर कुत्तों का टीकाकरण और नसबंदी करवाई जाएगी।
स्थाई हल केवल वैक्सीनेशन और नसबंदी
इस जनहितकारी अभियान में इंफोसिस ने भी सहयोग का आश्वासन दिया है। कंपनी इस मुहिम को प्रारंभ करने के लिए तकनीकी और प्रबंधन स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराएगी। इसी क्रम में सेक्टर-55 RWA अध्यक्ष सतनारायण गोयल के साथ बैठक की गई, जहां से इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। सखा की अध्यक्षा विभा चुघ ने बताया कि इस स्थिति का स्थाई हल केवल वैक्सीनेशन और नसबंदी ही है। अगर इस बेजुबान कुत्तों को समय से खाना मिल जाए तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। प्राधिकरण भी अपना कार्य पूरी निष्ठा के साथ करे। युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि हमारा संकल्प है कि समाज में झूठी अफवाह और विवाद का माहौल खत्म किया जाए। आज डॉग के मुद्दे पर प्रशासन और जनता के बीच अविश्वास पनप रहा है, लेकिन इस अभियान से हम एक सकारात्मक उदाहरण स्थापित करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट का आवारा कुत्तों को लेकर क्या आदेश
गौरतलब है कि 11 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के सभी इलाकों को आवारा कुत्तों से मुक्त किया जाए। सभी कुत्तों को शेल्टर में रखा जाए और इसमें कोई समझौता नहीं होना चाहिए। आदेश दिया था कि पकड़े गए किसी भी जानवर को वापस सड़कों पर नहीं छोड़ा जाए। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का पशु प्रेमी विरोध कर रहे हैं। इसके बाद न्यायालय ने आवारा कुत्तों के खतरे पर अपनी कार्यवाही का दायरा बढ़ाते हुए पशुपालन विभाग, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सचिवों को नोटिस जारी किया और इस समस्या से निपटने के लिए राष्ट्रीय नीति तैयार करने पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी है। उच्च न्यायालयों से जानकारी मांगने का भी निर्देश दिया, जहां आवारा कुत्तों के मुद्दे पर याचिकाएं लंबित हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






