नोएडा में बोले भूपेंद्र चौधरी, देश में अब चुनाव हिंसा और अराजकता से मुक्त, विपक्ष हारने पर ही उठाता उंगली
विपक्ष जब जीतता है तो चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाता, लेकिन हारने के बाद चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर उंगली उठाता है।
- Shiv Kumar
- 08 Sep, 2025
Noida: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने रविवार को नोएडा के सेक्टर-116 स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि देश में अब चुनाव हिंसा और अराजकता से मुक्त होकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। विपक्ष जब जीतता है तो चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाता, लेकिन हारने के बाद चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर उंगली उठाता है। यह जनादेश का अपमान है।
एक बूथ पर कब्जा तक संभव नहीं
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि पहले चुनावों में बूथ कैप्चरिंग, हिंसा और गड़बड़ियों के हथकंडे अपनाए जाते थे। आज की स्थिति यह है कि एक भी बूथ पर कब्जा नहीं हो सकता। चुनाव आयोग की सख्ती और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती से अब निष्पक्ष चुनाव हो रहे हैं।
एक राष्ट्र, एक चुनाव पर राय
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव देशहित में है। अगर लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होंगे, तो विकास कार्य बाधित नहीं होंगे और चुनाव खर्च भी काफी हद तक कम हो जाएगा। चौधरी ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में हमेशा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) रहा है और आगे भी रहेगा। यह राज्य सरकार का विषय है। उत्तराखंड सरकार ने इसे लागू किया है, जिसके लिए वे बधाई की पात्र हैं। उत्तर प्रदेश में भी यह मुद्दा आगामी विधानसभा चुनाव में रहेगा।
सेवा पखवाड़ा का ऐलान
भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी। अभियान में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। पार्टी के सभी नेता और जनप्रतिनिधि इसमें सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कार्यशाला में हुई चर्चा
प्रेसवार्ता के बाद भाजपा की कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें सेवा पखवाड़ा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इस मौके पर नोएडा विधायक पंकज सिंह, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, तन्मय शंकर और अमित त्यागी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






