नोएडा में ठगी का नया तरीका, अगर आपके साथ भी हो कुछ ऐसा तो हो जाएं सतर्क, नहीं तो लग जाएगा चूना!
- Shiv Kumar
- 26 Jan, 2026
नोएडा के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने ट्रैवल टिकट बुकिंग और वेकेशन पैकेज के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विशाल कुमार राय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मध्य प्रदेश के रीवा से दबोचा। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ इसी थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक टैबलेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनके जरिए वह ठगी के नेटवर्क को ऑपरेट करता था।
ट्रैवल बुकिंग के नाम पर की गई लाखों की धोखाधड़ी
पुलिस के अनुसार, विशाल कुमार राय ने ट्रैवल टिकट बुकिंग और वेकेशन पैकेज उपलब्ध कराने के नाम पर कई लोगों को अपना शिकार बनाया। अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दो पीड़ितों से क्रमशः 1 लाख 40 हजार रुपये और 84 हजार रुपये की रकम ठगी। इसके अलावा, कई अन्य लोगों से भी उसने लाखों रुपये ऐंठे हैं। इन मामलों को लेकर थाना सेक्टर-63 में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ बढ़ती शिकायतों और ठगी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
कंपनियों के नाम पर बनाया गया ठगी का पूरा मॉडल
पूछताछ के दौरान विशाल कुमार राय ने पुलिस को बताया कि वह “Country Holiday Travels India Pvt Ltd” और “A Country Holiday Ins And Suits” नाम की कंपनियों का मालिक है। इन कंपनियों के जरिए वह लोगों को आकर्षक वेकेशन पैकेज बेचता था। आरोपी का तरीका बेहद शातिर था। जब ग्राहक पैकेज खरीदने के बाद बुकिंग कराने की कोशिश करते थे, तो कंपनी जानबूझकर बार-बार अगली तारीखें देकर बुकिंग टालती रहती थी। इससे कई ग्राहक परेशान होकर खुद ही पीछे हट जाते थे और उन्हें कोई सेवा नहीं मिलती थी, जबकि आरोपी को पूरा पैसा मिल चुका होता था।
फर्जी रिव्यू से बढ़ाता था भरोसा, जांच में खुल सकते हैं और नाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जो ग्राहक लगातार दबाव बनाते थे, उन्हें आरोपी कभी-कभार सेवा दे देता था। इसके बाद उनसे सकारात्मक रिव्यू लिखवाकर अपनी कंपनी की वेबसाइट पर अपलोड कर देता था। इन फर्जी और चुनिंदा अच्छे रिव्यूज को देखकर नए लोग उसकी कंपनियों पर भरोसा कर लेते थे और वेकेशन पैकेज खरीद लेते थे। इसी तरीके से आरोपी ने धीरे-धीरे बड़ी रकम कमाई और ठगी का जाल फैलाया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों व संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






