नोएडा में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस का महा उत्सव, व्यापारियों और कारोबारियों ने फहराए तिरंगे

top-news
नोएडा में 77वां गणतंत्र दिवस कारोबारियों ने धूमधाम से मनाया। नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन और युवा व्यापार मंडल के कार्यक्रमों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संविधान और लोकतंत्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

नोएडा में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर नोएडा के प्रमुख कारोबारी संगठनों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर तिरंगे को सलामी दी। नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन (NEA) की ओर से गणतंत्र दिवस का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया, जिसमें उद्यमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


एनईए परिसर में हुआ ध्वजारोहण, बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश और एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने एनईए की पूरी टीम के साथ ध्वजारोहण किया। इसके बाद मौजूद उद्यमियों और सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें देखकर मौजूद लोग भावविभोर हो गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में अलग ही ऊर्जा भर दी और पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।


गणतंत्र दिवस सबसे बड़ा राष्ट्रीय पर्व: विपिन मल्हन
इस मौके पर एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने कहा कि देश के प्रति प्रेम, सद्भाव, सम्मान और सेवाभाव के साथ सभी धर्मों को मानने वाले लोग गणतंत्र दिवस को एक पर्व के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश के लिए गणतंत्र दिवस से बड़ा कोई त्योहार नहीं है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसकी एकता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। यही एकता देश का गौरव है और हमें इसे हमेशा बनाए रखना चाहिए।


बच्चों को किया गया सम्मानित
मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना का विकास होना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही बच्चे आने वाले समय में देश की दिशा और दशा तय करेंगे। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के अंदर राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं।


व्यापारी अर्थव्यवस्था का सैनिक: योगेश विजय
उधर, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में भी गणतंत्र दिवस मनाया गया। वाणिज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर योगेश विजय ने ध्वजारोहण के बाद कहा कि व्यापारी सैनिक की तरह देश की अर्थव्यवस्था को संभालता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश के संविधान और देश की अखंडता पर गर्व होना चाहिए।


वीर सपूतों को किया नमन
प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि हम उन वीर सपूतों को नमन करते हैं जिन्होंने अपने प्राणों का बलिदान देकर इस देश का संविधान बनाया। उन्होंने कहा कि यह संविधान एक वटवृक्ष की तरह है, जो सभी धर्मों और समुदायों को अपने भीतर समेटे हुए है। प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस मनाना हम सभी के लिए गर्व की अनुभूति है और आजाद भारत में इस पर्व को मनाकर हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *