हादसे ने छीन ली नोएडा के चार लोगों की जिंदगियां, मच गया मौत का मातम, महाकाल के दर्शन कर घर लौट रहे थे कार सवार
- Shiv Kumar
- 27 Jan, 2026
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दौसा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने नोएडा समेत कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। उज्जैन से महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
महाकाल दर्शन से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार में कुल पांच श्रद्धालु सवार थे, जो मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के बाद नोएडा लौट रहे थे। मृतकों की पहचान राहुल गुप्ता (35), पारस अग्रवाल (35), प्रिंस गुप्ता (23) और विक्रम सिंह (30) के रूप में हुई है, सभी नोएडा के निवासी बताए जा रहे हैं। कार की पिछली सीट पर बैठे बृजमोहन गुप्ता इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
टक्कर के बाद भी ट्रक नहीं रुका, कार को घसीटता ले गया
घायल बृजमोहन ने पुलिस को बताया कि टक्कर के बाद भी ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और कार को काफी दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। इससे हादसे की भयावहता और बढ़ गई। कार बुरी तरह फंस गई थी, जिससे शवों को बाहर निकालने में पुलिस और राहत दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही पापड़दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर काफी देर बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






