नोएडा में मौसम ने ली करवट, गरजे बदरा हो गई बारिश, लौट आई ठंड, आने वाले तीन दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
- Shiv Kumar
- 27 Jan, 2026
नोएडा में मंगलवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली और नोएडा के कई इलाकों में सुबह से रुक-रुक कर तेज बारिश देखने को मिली। सुबह करीब साढ़े नौ बजे के बाद से दोपहर 12 बजे तक कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग के अनुसार रात तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे एक बार फिर ठंड का एहसास बढ़ गया है। सुबह-शाम लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है, वहीं ऑफिस और स्कूल जाने वालों को बारिश ने असहज कर दिया।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे उत्तर भारत के मौसम पर असर पड़ा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में जहां बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी इलाकों में बारिश और ठंडी हवाएं चल रही हैं। नोएडा और एनसीआर में इसी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। आईएमडी ने बताया कि इस सिस्टम के कारण हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। अचानक बदले इस मौसम से प्रदूषण के स्तर में कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन ठंड बढ़ने से बुजुर्गों और बच्चों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले तीन दिन तक छाए रहेंगे बादल
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक नोएडा और पूरे एनसीआर में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है। न्यूनतम तापमान के 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। तापमान में आई इस गिरावट के चलते लोगों को फिर से ठंड का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने किसानों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर सुबह और रात के समय सड़क पर फिसलन और कम दृश्यता के कारण सावधानी बरतने की जरूरत है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






