नोएडा में बैंककर्मियों ने की फाइव डे वर्किंग की मांग, पूरे दिन रही हड़ताल, जानें पूरा मामला
- Shiv Kumar
- 27 Jan, 2026
देशभर के बैंकों में मंगलवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर हड़ताल रही, जिसका असर नोएडा में भी साफ देखने को मिला। नोएडा सेक्टर-62 स्थित आंचलिक कार्यालय के पास जिले के समस्त बैंककर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार से अपनी प्रमुख मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। हड़ताल की सबसे अहम मांग सप्ताह में पांच दिन काम यानी फाइव डे वर्क वीक लागू करने की रही। बैंककर्मियों का कहना है कि लगातार बढ़ते काम के दबाव के बीच वर्क-लाइफ बैलेंस बनाए रखना अब बेहद जरूरी हो गया है।
बैंकिंग सेवाएं रहीं प्रभावित, ग्राहकों को हुई परेशानी
हड़ताल के चलते नोएडा में बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। चेक क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट, नकद लेनदेन और काउंटर से जुड़ी कई सेवाएं ठप रहीं, जिससे आम लोगों और व्यापारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बैंककर्मियों का तर्क है कि जब केंद्र सरकार के अधिकतर विभागों में पहले से ही हफ्ते में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू है, तो बैंकिंग सेक्टर को इससे अलग क्यों रखा गया है। यूनियनों का कहना है कि बैंकों पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुपात में सुविधाएं और अवकाश नहीं दिए जा रहे हैं।
लंबे समय से चल रही है मांग, नहीं निकला समाधान
धरना-प्रदर्शन के दौरान बैंक ऑफ इंडिया अधिकारी संगठन के आंचलिक मंत्री सुमन कुमार ने कहा कि फाइव डे वर्किंग सिस्टम को लेकर केंद्र सरकार और इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि बैंककर्मियों की मांग केवल अवकाश तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेहतर कार्य वातावरण और मानसिक स्वास्थ्य से भी जुड़ी हुई है। यूनियनों ने चेतावनी दी कि अगर मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






