सेक्टर-4 में बिजली मीटर फैक्ट्री में आग लगने से कर्मचारी की मौत, तीन दिन बाद मिला शव, 13 मार्च को हुआ था भीषण हादसा
- Shiv Kumar
- 16 Mar, 2026
नोएडा के सेक्टर-4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग के मामले में एक कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। फैक्ट्री के अंदर जली हुई अवस्था में कर्मचारी उपेंद्र कुमार का शव बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त उपेंद्र कुमार रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे। पिछले तीन दिनों से पुलिस और प्रशासन उनकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। गौरतलब है कि 13 मार्च को सेक्टर-4 स्थित कैपिटल पावर नाम की कंपनी में भीषण आग लग गई थी, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए थे और फैक्ट्री के अंदर अफरा-तफरी मच गई थी।
आग के बाद से लापता था कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद कई कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाकर फैक्ट्री से बाहर निकलने में सफल हो गए थे, लेकिन कुछ कर्मचारी अंदर ही फंस गए थे। उसी दौरान उपेंद्र कुमार भी लापता हो गए थे। घटना के बाद से ही पुलिस और प्रशासन उनकी तलाश में जुटे हुए थे। फैक्ट्री के जले हुए हिस्सों की जांच और मलबा हटाने के दौरान अंदर से उनका जला हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
आग में 25 से ज्यादा कर्मचारी हुए थे घायल
13 मार्च को लगी इस भीषण आग में 25 से ज्यादा कर्मचारी घायल हो गए थे। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। कई कर्मचारी किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि कुछ को फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। इस घटना के बाद प्रशासन ने फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है।
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
उपेंद्र कुमार का शव मिलने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। यह घटना नोएडा के फेस-1 थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






