यमुना एक्सप्रेस वे क्षेत्र में 3400 करोड़ का निवेश, लगेंगी कई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, 5 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार
- Shiv Kumar
- 18 Mar, 2026
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में निवेश को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। प्राधिकरण ने इन्वेस्ट यूपी की संस्तुति पर तीन बड़ी कंपनियों को भूमि आवंटित की है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में कुल 3 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आएगा और करीब 5 हजार 700 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। यह पहल न सिर्फ औद्योगिक विकास को गति देगी, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूत बनाएगी।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा से मिलेगा बड़ा निवेश और रोजगार
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड को सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में लगभग 2,029 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस यूनिट के शुरू होने से कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
सीएनएच इंडस्ट्रियल से कृषि मशीनरी सेक्टर को बढ़ावा
CNH Industrial India Pvt. Ltd. को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर निर्माण यूनिट स्थापित करेगी, जिसमें 1,219.81 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस प्रोजेक्ट से लगभग 1,200 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। यह निवेश उत्तर प्रदेश को कृषि मशीनरी निर्माण के एक बड़े हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
सन ऑर्गेनिक से फूड प्रोसेसिंग सेक्टर मजबूत
Sun Organic Industries Pvt. Ltd. को सेक्टर-8डी में 30,000 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट लगाएगी। इस परियोजना में करीब 225.16 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 569 लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






