जेवर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी की अहम बैठक, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अधिकारियों ने की आपातकाल तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा
- Shiv Kumar
- 18 Mar, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी (AEPC) और एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति (AEMC) की अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) के प्रशासनिक कार्यालय में हुई। इसमें एयरपोर्ट की आपातकालीन तैयारियों, समन्वय व्यवस्था और आधुनिक आधारभूत ढांचे की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल को सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी बताया।
आपात स्थिति में तेज और समन्वित प्रतिक्रिया पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, डीडीएमए और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण समेत कई एजेंसियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में सभी विभाग मिलकर समयबद्ध और प्रभावी तरीके से काम करें। एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमान ने बताया कि यह समिति नागरिक उड्डयन मंत्रालय की आपदा प्रबंधन योजना-2016 और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के नियमों के तहत गठित की गई है। इसका उद्देश्य आपातकालीन व्यवस्थाओं को लगातार अपडेट रखना और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाना है।
नियमों और सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा
बैठक के दौरान आईसीएओ अनुलग्नक-14 और DGCA के दिशा-निर्देशों के अनुसार एयरपोर्ट की संरचनात्मक और नियामक व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। अब तक हुए मॉक ड्रिल और आपातकालीन अभ्यासों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद स्तर के अधिकारियों को भी आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
ड्रोन और लेजर लाइट पर सख्त पाबंदी के निर्देश
सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट के नो-फ्लाइंग जोन में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, एयरपोर्ट की परिधि से 18 किलोमीटर तक लेजर लाइट का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि हवाई सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






