जेवर एयरपोर्ट के पास अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 350 करोड़ की जमीन कराई कब्जामुक्त, यमुना प्राधिकरण ने खाली कराई जमीन

top-news
यीडा ने जेवर एयरपोर्ट के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए 350 करोड़ रुपये की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। दयानतपुर गांव में 70 हजार वर्ग मीटर भूमि खाली कराई गई। प्राधिकरण ने अवैध निर्माण हटाकर सख्त संदेश दिया है कि अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा।

जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास अवैध कब्जों के खिलाफ यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने बड़ा अभियान चलाया है। प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में करीब 350 करोड़ रुपये की जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई मंगलवार को प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में की गई, जिसमें बड़ी संख्या में राजस्व और प्राधिकरण के अधिकारी शामिल रहे। इस अभियान को क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।


70 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा जमीन कराई गई खाली

इस अभियान के तहत ग्राम दयानतपुर में लगभग 70,240 वर्ग मीटर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। कार्रवाई का नेतृत्व अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार और विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र सिंह ने किया। टीम में डिप्टी कलेक्टर कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, अभिषेक शाही, हरी प्रताप सिंह और तहसीलदार मनोज कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा, जेवर एयरपोर्ट से जुड़े महत्वपूर्ण सेक्टर और 60 मीटर चौड़ी सड़क को भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया।


अवैध खरीद-फरोख्त कर बनाई गई थीं बाउंड्री वॉल

जांच में सामने आया कि कब्जा की गई जमीन पर बाहरी लोगों ने अवैध रूप से खरीद-फरोख्त कर बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा कर लिया था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन सभी अवैध ढांचों को ध्वस्त किया और जमीन को अपने नियंत्रण में ले लिया। कब्जा मुक्त कराई गई इस जमीन का बाजार मूल्य करीब 350 करोड़ रुपये आंका गया है।


अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्राधिकरण ने साफ कहा है कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले समय में भी इस तरह के अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी जरूर लें, ताकि किसी तरह के विवाद से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ravi Solanki

Is the vill hasanpur laruki is also comes under the authority sectors.