नोएडा में धर्म छिपाकर युवती को फंसाया, लिव इन में रहते हुए बनाए अश्लील वीडियो, फिर दो साल तक धमकाकर बनाए रिलेशन, बजरंग दल ने किया विरोध
- Shiv Kumar
- 18 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के फेज-तीन थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने धर्म छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया और फिर उसका शोषण किया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने पहले शादी का झांसा दिया, फिर उसके साथ लिवइन में रहते हुए आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर बार-बार उसका शोषण किया और लाखों रुपये भी ऐंठ लिए। मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस पर कार्रवाई में देरी के आरोप भी लग रहे हैं।
सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती, शादी के नाम पर दिया धोखा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं और पिछले कई सालों से नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रही हैं। करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से हुई थी। आरोपी ने खुद को उसी धर्म का बताया, जिससे युवती का भरोसा जीत लिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता गहरा होता चला गया। कुछ समय बाद युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा और दोनों साथ रहने लगे। इसी दौरान आरोपी ने युवती के निजी वीडियो बना लिए और बाद में उन्हें हथियार बनाकर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया शोषण और वसूली
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसका शोषण किया और उससे लाखों रुपये भी वसूल लिए। कुछ समय पहले ही युवती को पता चला कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाई थी और उसे धोखे में रखा था। सच्चाई सामने आने के बाद जब पीड़िता ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत की बात कही, तो आरोपी नोएडा छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले करीब एक महीने से लगातार पुलिस के पास जा रही थी, लेकिन उसकी शिकायत पर समय पर कार्रवाई नहीं की गई।
थाने पर हंगामा, पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार शाम बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही और एक महिला उपनिरीक्षक पर अभद्रता के आरोप लगाए। मौके पर पहुंचे एसीपी उमेश कुमार ने लोगों को शांत कराया और भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, एडीसीपी आरके गौतम ने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






