दिल्ली के डीएनडी से सेक्टर-94 तक बनेगी एलिवेटेड रोड, नोएडा में प्रवेश बिना पहुंचेंग आगरा-लखनऊ, लाखों लोगों को होगा फायदा

top-news
डीएनडी से एलिवेटेड रोड के जरिए सीधे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी की तैयारी है। इससे नोएडा में एंट्री की जरूरत खत्म होगी और लाखों लोगों को जाम से राहत मिलेगी। प्रोजेक्ट की डीपीआर पर काम जारी है।

दिल्ली से आगरा और लखनऊ जाने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जल्द ही ऐसा सिस्टम तैयार किया जा रहा है, जिससे लोगों को नोएडा में घुसने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सफर सीधा व तेज हो जाएगा। अभी रोजाना करीब 1 से 2 लाख लोग दिल्ली से आगरा और लखनऊ की ओर जाते हैं, जिन्हें डीएनडी फ्लाईओवर के बाद नोएडा में एंट्री करनी पड़ती है। इससे समय भी बर्बाद होता है और शहर के अंदर जाम की समस्या भी बढ़ती है। इस दिक्कत को खत्म करने के लिए यमुना पुष्ता पर बनने वाली एलिवेटेड रोड को आगे बढ़ाने की योजना तैयार की जा रही है।


एलिवेटेड रोड से सीधा कनेक्शन, नोएडा में एंट्री की जरूरत खत्म

योजना के तहत यमुना पुष्ता पर प्रस्तावित छह लेन की एलिवेटेड रोड को डीएनडी तक एक्सटेंड किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में नोएडा प्राधिकरण और यूपीडा मिलकर काम करेंगे। डीएनडी से सेक्टर-94 तक बनने वाली एलिवेटेड रोड को क्लोवर लीफ के जरिए जोड़ा जाएगा, जिससे दिल्ली से आने वाले वाहन सीधे इस एलिवेटेड पर चढ़ सकेंगे। इसी तरह डीएनडी पर भी क्लोवर लीफ बनाया जाएगा, ताकि ट्रैफिक का फ्लो स्मूथ बना रहे। इससे वाहन चालकों को नोएडा के अंदर जाने की जरूरत नहीं होगी और वे सीधे एक्सप्रेसवे तक पहुंच जाएंगे।


रोजाना लाखों लोगों को फायदा, जाम से मिलेगी राहत

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार की जा रही है और इसकी वायबिलिटी पर काम चल रहा है। अनुमान है कि इससे रोजाना 1 से 2 लाख वाहन चालकों को सीधा फायदा मिलेगा। नोएडा के अंदर लगने वाले जाम में भी काफी कमी आएगी। हालांकि इस प्रोजेक्ट का कुछ हिस्सा दिल्ली की जमीन पर बनेगा, इसलिए इसके लिए दिल्ली सरकार से भी बातचीत की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी जरूरी मंजूरी मिलने के बाद काम तेजी से शुरू किया जाएगा।


तीन किमी लंबी नई एलिवेटेड, क्लोवर लीफ से आसान होगा सफर

प्राधिकरण के अनुसार, यह नई एलिवेटेड रोड करीब तीन किलोमीटर लंबी होगी, जिसे यमुना पुष्ता से जोड़कर डीएनडी तक लाया जाएगा। दोनों सिरों पर क्लोवर लीफ बनाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को चढ़ने और उतरने में किसी तरह की परेशानी न हो। इस पूरी योजना के तहत दिल्ली से निकलने वाले वाहन डीएनडी फ्लाईओवर से सीधे एलिवेटेड रोड पर चढ़ेंगे, फिर सेक्टर-94 होते हुए यमुना पुष्ता के जरिए आगे सेक्टर-150 तक पहुंचेंगे। वहां से वे आगरा और लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आसानी से जा सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ सफर भी ज्यादा आरामदायक हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *