नोएडा में महिला को डिजिटल अरेस्ट कर बड़ी ठगी, खाते से ट्रांसफर कराए साढ़े 8 लाख रुपये, मनीलॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर साइबर ठगों ने कर दिया कांड
- Shiv Kumar
- 19 Mar, 2026
नोएडा में साइबर ठगों ने एक महिला को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाकर 8.52 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सेक्टर 34 का है, जहां रहने वाली एक गृहणी को ठगों ने फोन कॉल के जरिए अपने जाल में फंसाया। ठगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिला को इतना डरा दिया कि उसने अलग-अलग खातों में कई बार में पूरी रकम ट्रांसफर कर दी। जब पैसे वापस नहीं मिले, तब जाकर महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वीडियो कॉल पर बनाया नकली कोर्ट, खुद को बताया अधिकारी
पीड़िता के मुताबिक, 12 फरवरी को उसके पास एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को गौतम बताया और कहा कि उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज है। ठगों ने महिला को डराने के लिए वीडियो कॉल भी किया, जिसमें उन्होंने खुद को पुलिस अधिकारी दिखाया और बैकग्राउंड में नकली कोर्ट जैसा माहौल तैयार किया। इससे महिला को पूरा यकीन हो गया कि मामला सच है। ठगों ने उसे बताया कि कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अब उसकी भी गिरफ्तारी हो सकती है। इस तरह लगातार दबाव बनाकर उसे मानसिक रूप से कमजोर कर दिया गया।
जांच के नाम पर खातों में ट्रांसफर कराए पैसे, फिर किया गायब
इसके बाद ठगों ने महिला से कहा कि उसके बैंक खातों की जांच करनी होगी और इसके लिए पैसे एक सुरक्षित खाते में ट्रांसफर करने होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होते ही पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा। डर और घबराहट में महिला ने 13 फरवरी को करीब 8.52 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब उसने बाद में पैसे वापस मांगने के लिए फोन किया, तो ठगों ने कॉल उठाना बंद कर दिया और पूरी तरह गायब हो गए।
शिकायत के बाद जांच शुरू, खातों की पड़ताल में जुटी पुलिस
जब महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो चुकी है, तो उसने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि ऐसे किसी भी कॉल या वीडियो कॉल पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






