नोएडा पुलिस ने वॉन्टेड अपराधी को दबोचा, 5 साल से था फरार, कश्मीर से पकड़ा, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला से मांगे थे 40 लाख रुपये
- Shiv Kumar
- 19 Mar, 2026
नोएडा में साइबर अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक महिला के फोन को हैक कर उससे 40 लाख रुपये की मांग की गई और आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी गई। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब पांच साल से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार कश्मीर के लाल बाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान बिलाल गिलानी के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से ही नोएडा और मथुरा में मुकदमे दर्ज हैं।
महिला को धमकाकर केस वापस लेने का दबाव
पीड़ित महिला का आरोप है कि बिलाल गिलानी और उसके साथियों ने पहले धोखाधड़ी कर उससे पैसे हड़प लिए थे। इस मामले में महिला ने साल 2020 में मथुरा के नौहझील थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से ही आरोपी लगातार महिला पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि बिलाल ने महिला का फोन हैक कर लिया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। साथ ही आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे 40 लाख रुपये की मांग की गई।
लोकेशन ट्रैक होते ही हर बार हो जाता था फरार
महिला ने 10 अक्टूबर 2021 को नोएडा के फेज-3 थाने में भी इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। हालांकि, आरोपी बेहद शातिर था और हर बार लोकेशन ट्रैक होते ही फरार हो जाता था। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की। आखिरकार पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कश्मीर के लाल बाजार इलाके में छापेमारी कर उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
कई मामलों में था वांछित, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, बिलाल गिलानी पिछले पांच साल से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर साइबर क्राइम, धमकी और रंगदारी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






