मैट्रिमोनियल साइट से फर्जी पहचान बताकर लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाते थे आरोपी, पुलिस ने सरगना को दबोचा
- Shiv Kumar
- 19 Mar, 2026
नोएडा पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी मैट्रिमोनियल साइट्स और सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान सैमुअल उर्फ स्टेपनी डेरिक के रूप में हुई है। आरोपी के पास से विदेशी मुद्रा, कई मोबाइल फोन और अलग-अलग नामों के पासपोर्ट बरामद किए गए हैं, जिससे उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
फर्जी पहचान बनाकर करता था ठगी, करोड़ों का खेल
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल के अनुसार, आरोपी खुद को बिजनेसमैन बताकर मैट्रिमोनियल साइट्स पर सक्रिय रहता था और जीवनसाथी की तलाश कर रही महिलाओं से संपर्क करता था। वह अलग-अलग देशों का निवासी होने का झूठा दावा करता और आकर्षक प्रोफाइल फोटो के जरिए भरोसा जीतता था। इसके बाद वह महिलाओं को बताता कि उसने उनके लिए विदेश से महंगा पार्सल भेजा है, जो एयरपोर्ट पर कस्टम में फंस गया है। इस बहाने वह अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लेता था। पुलिस के मुताबिक, एक पीड़िता से 56 लाख 46 हजार और दूसरी से 1 करोड़ 26 लाख रुपये की ठगी की गई है।
फर्जी पासपोर्ट और कई पहचान, अंतरराष्ट्रीय लिंक सामने आए
जांच में सामने आया कि आरोपी के पास अलग-अलग नाम और नागरिकता वाले पासपोर्ट मौजूद थे। एक पासपोर्ट अमान्य होने के बाद वह दूसरे देश जाकर नई पहचान से नया पासपोर्ट बनवा लेता था और फिर भारत लौटकर ठगी को अंजाम देता था। उसके पास से बरामद दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस में कई अहम सबूत मिले हैं, जो उसके बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसके संपर्क किन-किन देशों तक फैले हुए हैं।
15 से ज्यादा महिलाओं को बनाया शिकार, जांच जारी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मैट्रिमोनियल साइट्स से महिलाओं का डेटा जुटाता था और फर्जी नाम-पते से उनसे बातचीत करता था। वह भारत आकर शादी करने और यहीं बसने का झांसा देता, फिर फर्जी टिकट भेजकर खुद को कस्टम जांच में फंसा बताता और पैसे मांगता। अब तक की जांच में सामने आया है कि उसने 15 से ज्यादा महिलाओं को अपने जाल में फंसाया। नोएडा और आंध्र प्रदेश में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






