यमुना विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक आज, 11 हजार करोड़ के बजट पर लगेगी मुहर, प्रॉपर्टी के दाम बढ़ने के संकेत
- Shiv Kumar
- 20 Mar, 2026
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 85वीं बोर्ड बैठक आज होने जा रही है, जिसमें करीब 11 हजार करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिल सकती है। इस अहम बैठक में विकास योजनाओं और नीतिगत फैसलों से जुड़े करीब 12 एजेंडों पर चर्चा होगी और उन पर मुहर लगने की उम्मीद है। इससे पहले गुरुवार को अधिकारियों ने रिव्यू बैठक कर सभी प्रस्तावों पर मंथन किया था। इस बार की बैठक खास इसलिए मानी जा रही है क्योंकि इसमें प्रॉपर्टी दरों में बढ़ोतरी जैसे बड़े फैसले लिए जा सकते हैं, जिसका सीधा असर आम लोगों और निवेशकों पर पड़ेगा।
प्रॉपर्टी दर बढ़ने के संकेत, निवेश करना हो सकता है महंगा
सूत्रों के मुताबिक, नोएडा एयरपोर्ट और इंटरनेशनल फिल्म सिटी जैसी बड़ी परियोजनाओं के चलते प्राधिकरण प्रॉपर्टी की दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। पिछले साल भी दरों में 10% से लेकर 62% तक की बढ़ोतरी की गई थी, जिससे घर खरीदना और उद्योग लगाना महंगा हो गया था। इस बार भी करीब 15% तक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अंतिम फैसला बोर्ड बैठक में ही होगा। अगर यह प्रस्ताव पास होता है, तो आने वाले समय में यमुना सिटी में जमीन और मकान लेना और महंगा पड़ सकता है।
एयरपोर्ट और फिल्म सिटी से बढ़ी डिमांड, उद्योग लगाने की होड़
यमुना सिटी में तेजी से विकास हो रहा है, जिसका सबसे बड़ा कारण नोएडा एयरपोर्ट और प्रस्तावित फिल्म सिटी है। इन परियोजनाओं के चलते यहां घर और उद्योग लगाने की होड़ मची हुई है। निवेशक लगातार इस क्षेत्र में रुचि दिखा रहे हैं, जिससे जमीन की मांग बढ़ रही है। प्राधिकरण भी इस मौके का फायदा उठाते हुए विकास को और गति देने की योजना बना रहा है। ऐसे में दरों में बढ़ोतरी को इसी बढ़ती मांग से जोड़कर देखा जा रहा है।
11 हजार करोड़ का बजट, विकास परियोजनाओं पर रहेगा फोकस
इस बार यमुना प्राधिकरण अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश करने जा रहा है, जो करीब 11 हजार करोड़ रुपये का होगा। एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर खास ध्यान रहेगा। इसके लिए बड़े स्तर पर लैंड बैंक तैयार किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, प्राधिकरण ने अप्रैल 2025 से अब तक करीब 2700 एकड़ जमीन खरीदी है, जिस पर लगभग साढ़े चार हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आने वाले समय में यह क्षेत्र निवेश और रोजगार के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






