नोएडा में दर्दनाक हादसा, 12वीं मंजिल से गिरकर 3 साल के बच्चे की मौत, बड़े बेटे को ट्यूशन छोड़ने गई थी मां
- Shiv Kumar
- 21 Mar, 2026
नोएडा के एक हाईराइज सोसायटी में शुक्रवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। 3 साल का मासूम बच्चा खेलते-खेलते बालकनी तक पहुंच गया और 12वीं मंजिल से गिरकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्चा घर में अकेला था, जबकि उसकी मां बड़े बेटे को ट्यूशन छोड़ने गई थीं। जैसे ही बच्चा नीचे गिरा, उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और तुरंत मदद के लिए पहुंचे। बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और सोसायटी में मातम पसरा हुआ है।
मां के बाहर जाते ही घर में अकेला था बच्चा
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के गौर सिटी-2 (7th एवेन्यू) की है। यहां गौर सिटी-1 की 7th एवेन्यू सोसायटी के फ्लैट नंबर ई-1237 में संजय पाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह एक निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी हैं। शुक्रवार दोपहर उनकी पत्नी अपने बड़े बेटे को ट्यूशन सेंटर छोड़ने गई थीं। इसी दौरान छोटा बेटा सागनिक पाल घर में अकेला रह गया। बताया जा रहा है कि बच्चा खेलते-खेलते फ्लैट की बालकनी तक पहुंच गया, जहां से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
कुर्सी पर चढ़कर झांकने लगा, अचानक बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि बालकनी के पास एक कुर्सी रखी हुई थी। खेलते-खेलते बच्चा उस कुर्सी पर चढ़ गया और नीचे झांकने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे 12वीं मंजिल से नीचे जा गिरा। ऊंचाई काफी ज्यादा होने के कारण बच्चे को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने जब जोर की आवाज सुनी तो तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया।
पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद सोसायटी के लोग और सुरक्षा गार्ड तुरंत हरकत में आए। उन्होंने बच्चे को उठाकर पास के अस्पताल पहुंचाया और उसकी मां को भी फोन कर घटना की जानकारी दी। जैसे ही मां अस्पताल पहुंची और बच्चे को देखा, वह बेहोश हो गईं। पड़ोसियों ने उन्हें संभाला। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसीपी बिसरख पवन कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






