नोएडा में शादी का झांसा देकर धर्मपरिवर्तन, फिर किया ब्लैकमेल, पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश से दबोचा, मामले में पुलिस कमिश्नर ने SHO और विवेचक को किया था सस्पेंड
- Shiv Kumar
- 21 Mar, 2026
नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पहचान छिपाकर शादी का झांसा देने, युवती से संबंध बनाने और फिर ब्लैकमेल करने के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, मामला सामने आने के बाद आरोपी लगातार फरार था और उसकी तलाश में तीन टीमें लगाई गई थीं। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आखिरकार उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और उसे उसके गृह जनपद से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
शादी का वादा कर बनाया वीडियो, फिर शुरू किया ब्लैकमेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 26 वर्षीय विकास कुमार उर्फ मोहम्मद रमीज के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का रहने वाला है। पीड़िता ने 17 मार्च को थाना फेज-3 में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती का आरोप है कि आरोपी ने पहले उससे शादी का वादा किया और भरोसा जीतकर उसके साथ संबंध बनाए। इसी दौरान उसने उसका वीडियो बना लिया। बाद में इसी वीडियो के जरिए आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और पैसे व जेवर भी हड़प लिए। इतना ही नहीं, पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया।
पुलिस की लापरवाही पर कार्रवाई, दो अधिकारी निलंबित
इस मामले में पुलिस की शुरुआती लापरवाही भी सामने आई थी, जिस पर सख्त कदम उठाए गए। पुलिस कमिश्नर ने कार्रवाई करते हुए थाना फेज-3 के प्रभारी पुनीत सिंह और मामले की जांच कर रहीं महिला दरोगा प्रीति को निलंबित कर दिया। इसके अलावा डीसीपी सेंट्रल नोएडा से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जबकि एसीपी उमेश यादव की भूमिका की भी जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच के दौरान कुछ और पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
विरोध प्रदर्शन के बाद बढ़ा मामला, अब सख्त धाराओं में केस
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और बजरंग दल ने थाने में विरोध प्रदर्शन भी किया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया था। पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और धर्म परिवर्तन से जुड़े कानूनों के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






