सीएम योगी का कल जेवर दौरा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण की तैयारियों की करेंगे समीक्षा
- Shiv Kumar
- 21 Mar, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मार्च को जेवर एयरपोर्ट का दौरा करेंगे। वे मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का उद्घाटन करने वाले हैं। ऐसे में प्रशासन इस कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने में जुटा हुआ है।
उच्च स्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा
उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर शनिवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में धीरेंद्र सिंह, औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह और एसीईओ शैलेन्द्र भाटिया समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर खास जोर
बैठक में खास तौर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर रणनीति बनाई गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। धीरेंद्र सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे, इसलिए पार्किंग, आवागमन और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति को सुरक्षित और सुगम तरीके से कार्यक्रम में पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश के लिए ऐतिहासिक अवसर, भव्य आयोजन की तैयारी
विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस कार्यक्रम को पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि सभी तैयारियां तय समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह उद्घाटन कार्यक्रम यादगार बने और प्रदेश के विकास की दिशा में एक नई शुरुआत साबित हो। अब सभी की नजर 28 मार्च पर टिकी है, जब नरेंद्र मोदी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन करेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






