नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेंगी 5 अस्थाई चौकी, 7 नए पीसीआर वाहनों से होगी गश्त, आधुनिक तकनीकि से लैस हैं सभी वाहन

top-news
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के लिए 5 नई पुलिस चौकियां और 7 पीसीआर वाहन तैनात किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर हाईटेक पुलिसिंग के जरिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर एयरपोर्ट क्षेत्र में पांच नई अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही सात नए पीसीआर/पीआरवी वाहन भी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके। एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद यहां बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही होगी, ऐसे में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा जा रहा है।


इन स्थानों पर बनाई गई नई पुलिस चौकियां

पुलिस के मुताबिक, एयरपोर्ट क्षेत्र के अलग-अलग संवेदनशील स्थानों पर ये चौकियां बनाई गई हैं। इनमें माइल स्टोन-32 किलोमीटर, कार्गो टर्मिनल, डोमेस्टिक टर्मिनल, माइल स्टोन-27 किलोमीटर और माइल स्टोन-15 किलोमीटर शामिल हैं। इनका उद्देश्य एयरपोर्ट के अंदर और बाहर दोनों जगह सुरक्षा को मजबूत बनाए रखना है। इनमें से तीन चौकियां डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत काम करेंगी, जबकि माइल स्टोन-27 चौकी थाना रबूपुरा और माइल स्टोन-15 चौकी थाना दनकौर के अंतर्गत रहेगी।


एयरपोर्ट के आसपास लगातार गश्त करेंगे वाहन

सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए सात नए पीसीआर और पीआरवी वाहनों को तैनात किया गया है। ये वाहन एयरपोर्ट और उसके आसपास लगातार गश्त करेंगे। एक पीसीआर वाहन यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल से फलैदा कट तक निगरानी रखेगा, जबकि दूसरा मुख्य मार्गों पर तैनात रहेगा। इसके अलावा दो पीआरवी वाहन बाहरी क्षेत्रों, जैसे गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा संभालेंगे। तीन अन्य वाहन डोमेस्टिक टर्मिनल क्षेत्र में गश्त करेंगे, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।


हाईटेक पुलिसिंग से मिलेगी तुरंत मदद

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है। सभी वाहनों और चौकियों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया दी जा सके। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के बड़े और महत्वपूर्ण एयरपोर्ट्स में शामिल होने जा रहा है, ऐसे में यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम बेहद जरूरी हैं। पुलिस द्वारा उठाए गए ये कदम क्षेत्र में सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *