सीएम योगी का नोएडा दौरा, जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों के साथ की बैठक, 28 को पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ

top-news
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। 28 मार्च को पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे, जिसे लेकर सुरक्षा, ट्रैफिक और जनसभा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर जेवर एयरपोर्ट पहुंचे और मौके पर चल रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर का दौरा कर उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, जिसे देखते हुए प्रशासन हर स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है।


अधिकारियों के साथ बैठक, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की, जिसमें पुलिस, जिला प्रशासन और एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उद्घाटन कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान और जनसभा से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग और रूट प्लान को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन पूरी तरह व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।


मुख्यमंत्री की अहम परियोजना, लगातार हो रही निगरानी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रमुख परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। इसके निर्माण कार्य पर मुख्यमंत्री कार्यालय की लगातार नजर रही है। इससे पहले नवंबर और दिसंबर में भी सीएम ने जेवर पहुंचकर निर्माण कार्य की समीक्षा और भौतिक निरीक्षण किया था। उस दौरान केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने भी एयरपोर्ट का दौरा किया था।


जनसभा और व्यवस्थाओं पर भी फोकस

बैठक में जनसभा की तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए उनके बैठने, आने-जाने के रास्ते, पार्किंग और अन्य सुविधाओं को लेकर रणनीति तैयार की गई। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पार्टी पदाधिकारियों के साथ भी अलग से बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *