नोएडा में सुबह-सुबह मौसम हुआ खुशनुमा, बादल के साथ हुई रिमझिम बारिश, जारी रहेगा धूप-छाव का खेल, तापमान बढ़ने की संभावना
- Shiv Kumar
- 23 Mar, 2026
नोएडा में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। सोमवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो रही है। इस बदलाव का असर तापमान पर साफ नजर आ रहा है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो पिछले दिनों के मुकाबले राहत भरा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर बादल और हल्की बारिश का यही सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
अगले कुछ दिन ऐसे रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से गुरुवार तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इन दिनों धूप और आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि शुक्रवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद फिर बदलाव होगा और रविवार व सोमवार को दोबारा बारिश और घने बादल छाने के आसार हैं। इसके साथ ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी भी होगी, जिससे लोगों को फिर से गर्मी का एहसास होने लगेगा।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर, नमी और हवा बनी वजह
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हुआ है, जिसका असर नोएडा में भी देखने को मिल रहा है। इसी वजह से बादल और हल्की बारिश का दौर जारी है। हालांकि अब इसका असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। सोमवार को हल्की बारिश के साथ दोपहर तक बादल छाए रहने की संभावना है। नमी का स्तर करीब 80 प्रतिशत और हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो मौसम को सुहावना बनाए हुए है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






