नोएडा में कंपनी के अधिकारी के डेढ़ करोड़ हड़पे, पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, पूर्व कर्मचारी की साजिश से कांड, 4 पर मुकदमा दर्ज

top-news
नोएडा में एक एमडी ने अपने पूर्व कर्मचारी पर 1.56 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नोएडा में जमीन सौदे से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर ने अपने ही पूर्व कर्मचारी और उसके साथियों पर 1.56 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित महेश कुमार पंवार का कहना है कि उन्हें जमीन खरीद के नाम पर झांसे में लेकर करोड़ों रुपये ठग लिए गए। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।


जमीन खरीद के नाम पर रचा गया पूरा खेल

पीड़ित के मुताबिक, वह महावीर हनुमान डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड और केसरी नंदन प्रोजेक्ट लिमिटेड के एमडी हैं। उन्होंने बागपत के खेकड़ा क्षेत्र में एक प्रोजेक्ट के लिए कई बीघा जमीन खरीदी थी। इस दौरान कुछ जमीन अनुसूचित जाति के किसानों के नाम होने के कारण दिक्कतें आ रही थीं। इसी का फायदा उठाकर उनके पूर्व कर्मचारी रतन सिंह ने समाधान का झांसा दिया। आरोप है कि उसने जमीन अपने नाम कराने और बाद में सही तरीके से ट्रांसफर कराने का भरोसा दिलाया।


45 बीघा जमीन अपने नाम कराई, बाद में करारनामा रद्द

महेश कुमार पंवार का आरोप है कि 2008 से 2012 के बीच उन्होंने करीब 1 करोड़ 56 लाख रुपये रतन सिंह को दिए। इस दौरान आरोपी ने करीब 45 बीघा जमीन अपने नाम करवा ली और एक मुख्तारनामा भी रजिस्टर्ड कराया। साथ ही एक शपथ पत्र भी दिया गया कि अगर वह इसे रद्द करेगा तो पूरी रकम 36 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटाएगा। लेकिन बाद में आरोपी ने बिना जानकारी दिए मुख्तारनामा रद्द कर दिया और जमीन अपने बेटे के नाम कर दी।


विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

जब पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई और उन्होंने विरोध किया, तो आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर रतन सिंह, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार और रोहताश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और पैसों के लेन-देन की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *