नोएडा में सोशल मीडिया पर गंदी हरकत, अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी पर भड़के सपाई, गिरफ्तारी की मांग
- Shiv Kumar
- 23 Mar, 2026
नोएडा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर सोमवार को नोएडा में सपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल डीसीपी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जो न सिर्फ राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है बल्कि कानूनन भी अपराध है। उन्होंने संबंधित लोगों के नाम उजागर करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग रखी। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई।
डीसीपी से मिले कार्यकर्ता, एफआईआर की उठाई मांग
सपा के जिलाध्यक्ष आश्रय गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी साद मिया खान से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी दी। कार्यकर्ताओं ने बताया कि सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए कहा कि जिन लोगों ने यह पोस्ट किया है, उनके खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं हैं और ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
कार्रवाई न हुई तो होगा धरना-प्रदर्शन
सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। जिलाध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और किसी भी हाल में इसे नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होना जरूरी है, वरना पार्टी धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होगी। इस मौके पर कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर कार्रवाई की मांग को दोहराया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






